भारत सरकार ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी के उपयोग को विस्तार सम्बन्धी परियोजना के लिए 8,00,000 अमेरिकी डॉलर का योगदान दिया है। यूएन में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि आर रवींद्र ने यह चेक सौंपा। ‘हिंदी @ यूएन’ (Hindi @ UN) परियोजना यूएन के बारे में हिंदी में जानकारी प्रसारित करने के लिए वर्ष 2018 में शुरू की गई है।
इस परियोजना में संयुक्त राष्ट्र की हिंदी भाषा में सार्वजनिक पहुंच बढ़ाने और दुनिया भर में लाखों हिंदी भाषी लोगों के बीच वैश्विक मुद्दों के बारे में अधिकाधिक जागरूकता लाने का प्रयास किया जाता है। इस योजना को संयुक्त राष्ट्र लोक सूचना विभाग के सहयोग से जारी किया जाता है।
एक बयान में संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि भारत 2018 से संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक संचार विभाग (डीजीसी) के साथ साझेदारी कर रहा है। यह हिंदी में डीजीसी के समाचार और मल्टीमीडिया सामग्री को मुख्यधारा और समेकित करने के लिए अतिरिक्त बजटीय योगदान देता है। यूएन न्यूज इन हिंदी संयुक्त राष्ट्र की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल और यूएन फेसबुक हिंदी पेज के माध्यम से प्रसारित किया जाता है। इसका प्रसारण वर्ष 2018 से हो रहा है। इसके अलावा एक संयुक्त राष्ट्र समाचार-हिंदी ऑडियो बुलेटिन भी हर सप्ताह जारी होता है।