आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल हुए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी, पाकिस्तान महिला टीम की खिलाड़ी सना मीर और इंग्लैंड महिला टीम की खिलाड़ी सारा टेलर को भी इस सूची में शामिल किया गया है।

आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल हुए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी हॉल ऑफ फेम में जगह हासिल की है। इस सूची में शामिल होने वाले धोनी भारत के 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने धोनी को बधाई दी है।

सोमवार को आईसीसी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, न्यूजीलैंड के पूर्व स्पिनर डेनियल विटोरी, पाकिस्तान महिला टीम की खिलाड़ी सना मीर और इंग्लैंड महिला टीम की खिलाड़ी सारा टेलर को भी इस सूची में शामिल किया गया है।

भारत के लिए धोनी ने आखिरी मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में खेला था। इस तरह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिए हुए उन्हें करीब पांच साल हो गए हैं। हालाँकि भारत उस मुकाबला में हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। इसके बाद धोनी ने भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला और फिर 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया।

कैप्टन कूल के नाम से लोकप्रियता पाने वाले धोनी देश के सबसे सफल कप्तान में गिने जाते हैं। धोनी ने भारत को अपनी कप्तानी में 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। इसके अलावा वह भारत के एकमात्र कप्तान हैं जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। भारत ने उनके नेतृत्व में 2010, 2016 में एशिया कप का खिताब जीता था।

पूर्व कप्तान धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग और चैंपियंस लीग टी20 में चेन्नई सुपर किंग्स को फ्रेंचाइजी का गौरव भी दिलाया है। उन्होंने सीएसके को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं। धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 2010 और 2014 में चैम्पियंस लीग टी20 का खिताब जीता है। धोनी ने 2016 से 2017 में सीएसके के बैन होने पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए खेले थे।

आईपीएल 2025 में धोनी अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलने उतरे और ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपस्थिति में उन्होंने टीम की कमान संभाली थी।

धोनी ने भारत के लिए 98 टी20 खेले, जिसमें 126.13 के स्ट्राइक रेट से 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन है। उनके नाम इस प्रारूप में दो अर्धशतक हैं।

धोनी ने 90 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए। उन्होंने 224 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ छह शतक और 33 अर्धशतक बनाए। धोनी टेस्ट में भारत के लिए 14वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

एक कप्तान के रूप में धोनी ने 60 टेस्ट मैचों में भारत का नेतृत्व किया, जिसमें से उन्होंने 27 मैच जीते, 18 हारे और 15 ड्रॉ रहे। 45 फीसद के जीत प्रतिशत के साथ उन्हें भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता हैं।

पूर्व कप्तान धोनी टीम इंडिया को आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक रैंकिंग दिलाने वाले खिलाडी हैं। उन्होंने भारत के लिए 350 वनडे मैच खेले जिसमें 10773 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 73 अर्धशतक लगाए। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 183 रन रहा।

धोनी से पहले नीतू डेविड, वीरेंद्र सहवाग, डियान एडुल्जी, विनोद मांकड़, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और सुनील गावस्कर को यह सम्मान मिल चुका है। इस क्रम में धोनी भारत के 11वें खिलाड़ी हैं जिन्हें आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *