‘वाशिंगटन पोस्ट’ के अनुसार, ‘ट्रंप की कुल स्वीकृति रेटिंग अब 37 प्रतिशत है, जो फरवरी में 39 प्रतिशत थी। इस दौरान उनकी अस्वीकृति बढ़कर 62 प्रतिशत हो गई है और इसे उनके दोनों कार्यकाल में सबसे अधिक बताया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों के बीच ट्रंप की लोकप्रियता मजबूत बनी हुई है। यहाँ उनके पास 85 फीसद समर्थन है।
यूएस मीडिया सर्वे में बड़ी संख्या में नागरिकों का कहना है कि यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप असरदार तरीके से सेवा करने के लिए अनफिट हैं। हाल ही में हुए इस सर्वे में ज़्यादातर अमरीकियों का मानना है कि यूएस प्रेसिडेंट ट्रंप कमांडर-इन-चीफ के तौर पर असरदार तरीके से सेवा करने के लिए मेंटली और फिजिकली अनफिट हैं।
वॉशिंगटन पोस्ट,एबीसी न्यूज़ और इप्सोस के एक सर्वे के मुताबिक, मौजूदा यूएस प्रेसिडेंट की मानसिक क्षमता देश को लीड करने के लिए सही नहीं है, ऐसा मैंने वाले लोगों की संख्या सर्वे के मुताबिक़ 59 परसेंट है। दूसरी ओर, 40 परसेंट अमरीकियों का मानना है कि डोनाल्ड ट्रंप देश को लीड करने के लिए पूरी तरह से काबिल हैं। सर्वे में एक परसेंट अमरीकियों ने सवाल का जवाब नहीं दिया।
गौरतलब है कि यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह आज भी वैसा ही महसूस करते हैं जैसा पचास साल पहले करते थे। जबकि इस दौरान ट्रंप की लोकप्रियता में भारी गिरावट के आंकड़े सामने आ रहे हैं।
अमरीका में हुए हाल के हुए इस सर्वे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में भारी गिरावट के प्रमुख कारणों में महंगाई और ईरान युद्ध को बताया जा रहा है। इसे मिडटर्म चुनाव से पहले बड़ा झटका माना जा रहा है।
अमरीका में राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच में, नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले इस सर्वेक्षण को काफी अहम माना जा रहा है। बड़ी संख्या में अमरीकी जनता ईरान युद्ध के खिलाफ हैं। वे इस युद्ध को अमरीकी हितों के खिलाफ मान रहे हैं।
सर्वे क्या बता रहा है-
‘वाशिंगटन पोस्ट-एबीसी न्यूज-इप्सोस’ द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार, इमिग्रेशन के मुद्दे पर ट्रंप को अपेक्षाकृत बेहतर समर्थन मिला है। अमरीका-मेक्सिको सीमा पर उनकी नीतियों को 45 प्रतिशत लोगों ने मंजूरी दी, जबकि 54 प्रतिशत ने इस पर असहमति जताई है।
सर्वेक्षण में बड़ी संख्या में अमरीकियों ने माना कि वे प्रमुख मुद्दों पर किसी भी राजनीतिक दल पर भरोसा नहीं करते। इमिग्रेशन पर 23 प्रतिशत, अर्थव्यवस्था पर 27 प्रतिशत, अपराध पर 28 प्रतिशत और महंगाई पर 33 प्रतिशत लोगों ने किसी भी दल पर भरोसा नहीं जताया।
करीब 51 प्रतिशत लोगों ने एआई के मुद्दे पर भी न तो रिपब्लिकन और न ही डेमोक्रेटिक पार्टी पर भरोसा जताया।
आर्थिक मुद्दों पर ईरान के साथ तनाव ने ट्रंप के प्रति विश्वास को प्रभावित किया है, जो 2024 में राष्ट्रपति पद पर दूसरे कार्यकाल के लिए उनकी वापसी में अहम रहा था।
अमरीकी नागरिकों में 66 प्रतिशत ने ईरान से मुक़ाबले के उनके तरीके को लेकर असहमति जताई, जबकि 33 प्रतिशत ने समर्थन किया।
ईंधन की कीमतों में वृद्धि के दौर में अर्थव्यवस्था पर उनकी रेटिंग सात अंक गिरकर 34 प्रतिशत रह गई है।
महंगाई के मुद्दे पर उनकी स्वीकृति रेटिंग पांच अंक गिरकर 27 प्रतिशत रह गई, जबकि जीवन-यापन की लागत के संबंध में उनकी रेटिंग सबसे कम 23 प्रतिशत रही, जहां 76 प्रतिशत लोगों ने असहमति जताई।