रोलर स्केटिंग करते हुए 19 मील तक करतब दिखाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड

अमरीका के इडाहो राज्य के एक व्यक्ति ने इनलाइन स्केट्स पर करतब दिखाते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इतना ही नहीं, इस शख्स ने करतब दिखाते हुए कई गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। हालाँकि, अब उसने अपना अब तक का सबसे मुश्किल चैलेंज पूरा कर लिया है।

आइडहो राज्य के निवासी डेविड रश (David Rush) ने रोलर स्केटिंग करते हुए लगातार जगलिंग यानी गेंदें उछालने का करतब किया। इस दौरान उन्होंने 19.77 मील यानी 31,816 मीटर की दूरी तय करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है

डेविड रश का यह रिकॉर्ड आधिकारिक तौर पर ‘तीन गेंदों को उछालते हुए रोलर या इनलाइन स्केट्स पर तय की गई सबसे लंबी दूरी’ के रूप में दर्ज किया गया है। इसके साथ उन्होंने इस श्रेणी के पिछले विश्व रिकॉर्ड को छह गुना से भी अधिक के बड़े अंतर से पछाड़ दिया है।

वह बताते हैं कि जब उन्होंने तीन साल पहले इस रिकॉर्ड की तैयारी शुरू की थी, उस समय वर्ल्ड रिकॉर्ड 5,000 मीटर का था, जिसे उन्होंने एक मील की दूरी तय करके तोड़ दिया। हालांकि, थोड़े समय बाद उनका रिकॉर्ड फिर टूट गया, जिसके बाद उन्होंने तय किया कि अब उन्हें पहले से कहीं ज़्यादा लंबी दूरी तय करनी होगी।

डेविड रश के पिछले करतब दिखाने के रिकॉर्ड में यूनीसाइकिल, रोलर बोर्ड और स्विस बॉल पर बैलेंस बनाना शामिल है। उनका कहना है कि रोलर या इनलाइन स्केट्स पर तीन चीज़ों को हवा में उछालते हुए सबसे लंबी दूरी तय करने का रिकॉर्ड बनाना अब तक का सबसे मुश्किल चैलेंज था।

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के मुतबिक, डेविड रश ने कहा कि जब आप एक ही समय में करतब दिखाते और स्केटिंग करते हैं, तो मटर के दाने जितना छोटा कंकड़ भी आपके स्केट्स के पहियों को जाम कर सकता है। यह आपकी स्पीड और बैलेंस पर असर डाल सकता है और सिर्फ़ आधे सेकंड में महीनों की तैयारी बेकार हो सकती है।

डेविड रश ने कहा कि एंड्योरेंस और लगन से जुड़े रिकॉर्ड सिर्फ़ कोशिश वाले दिन ही नहीं बनते, बल्कि इसके लिए कई महीनों की फिजिकल तैयारी की ज़रूरत होती है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड बनाने की कोशिश के लिए मशीन से रास्ते को साफ़ करना भी ज़रूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *