दक्षिण अफ्रीका से महाराष्ट्र लौटा एक शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस समय दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से दुनियाभर में दहशत का माहौल है। इस व्यक्ति के अभी तक ओमीक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है।
दक्षिण अफ्रीका से लौटे इस शख्स को आइसोलेशन में भेज दिया गया है। जहां उसकी पूरी निगरानी और जांच की जाएगी। इस शख्स को कल्याण-डोंबिवली नगर निगम के आर्ट गैलरी आइसोलेशन सेंटर में क्वारंटाइन किया गया है।
दक्षिण अफ्रीका से लौटे शख्स के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद
सभी विभागों को सतर्क कर दिया गया है।
कल्याण-डोंबिवली नगर निगम के अधिकारी के मुताबिक व्यक्ति 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर से डोंबीवली आया था। उसकी कोविड-19 जांच की गयी, जिसमें वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया।
केडीएमसी की चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रतिभा पानपाटिल के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद व्यक्ति किसी के संपर्क में नहीं आया है। दक्षिण अफ्रीका से लौटे शख्स के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद सभी विभागों को सतर्क कर दिया गया है।
कोरोना का ये नया वेरिएंट 24 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में मिला था। डब्लूएचओ के मुताबिक़ ओमिक्रॉन दक्षिण अफ्रीका के कई इलाकों में तेजी से फैल रहा है। WHO ने कहा कि चिंता की बात ये है कि कोरोना के इस वेरिएंट में तेजी से म्यूटेशन हो रहा है। फिलहाल वैज्ञानिक ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये कितनी तेज़ी से एक से दूसरे लोगों में फैल रहा है।
WHO ने इसे ‘वेरिएंट ऑफ कन्सर्न’ श्रेणी में रखा गया है। इसका मतलब यह है कि कोरोना वायरस के इस नए प्रकार को लेकर चिंता जताई गई है और आने वाले दिनों में इस पर खास नजर रखी जाएगी। ‘ओमिक्रॉन’ के स्पाइक प्रोटीन में 30 से ज्यादा म्यूटेशंस मिले हैं जो इसे कहीं ज्यादा संक्रामक और घातक बनाता है।