मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आज कांग्रेस का हल्ला बोल, सीजेपी ने कहा इमरजेंसी से बदतर हालात

‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर आज इंडिया ब्लॉक के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। इस मार्च को देखते हुए दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद रहेंगे और कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। वहीँ कॉकरोच जनता पार्टी ने देश के मौजूदा हालत को इमरजेंसी से बदतर बताया है।

‘वोट चोरी’ मुद्दे पर इंडिया ब्लॉक के नेता करेंगे मार्च
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले में भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने की कोशिश करेंगे। यह जानकारी राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए साझा की है। पोस्ट में राहुल ने बताया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को इंडिया ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने और ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे।

रविवार को ही राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीजेआई सूर्य कांत को पत्र लिखकर सोमवार शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच मुलाकात के लिए समय मांगा था। दोनों नेता इस दौरान एक ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। उनकी प्रमुख मांगों में कथित ‘वोट चोरी’ पर रोक लगाने के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को रोकना और पेपर बैलेट प्रणाली को दोबारा लागू करना शामिल है।

कांग्रेस के नेता आज के मार्च को लेकर सुबह 9 बजे कर्नाटक भवन में एकत्रित होंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने एक्स पर साझा पोस्ट के ज़रिए लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की थी। इंडिया ब्लॉक के मार्च को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली पुलिस पर सीजेपी ने लगाए गंभीर आरोप
रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली के प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कॉन्फ्रेंस के दौरान सीजेपी के को-कन्वीनर और प्रवक्ता आशुतोष रांका ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार, केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए। आशुतोष रांका ने कहा कि पिछले 72 घंटों में देश में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई इलेक्शन कमीशन और चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानीश कुमार के खिलाफ है।

कांफ्रेंस में आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि इलेक्शन कमीशन की जिम्मेदारी देश की रक्षा करना और उसे आगे बढ़ाना है, लेकिन उसने समझौता कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार बीजेपी की जीत पक्की करने के लिए काम कर रहे हैं।

देश में इमरजेंसी जैसे हालात
सौरव दास ने अपने बयान में कहा, ‘पूरे देश में खुली इमरजेंसी जैसे हालात हैं। ऐसे हालात आखिरी बार 1975 में तानाशाही राज के दौरान देखे गए थे।’ आशुतोष रांका ने चार पूर्व मुख्यमंत्रियों– अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, माणिक सरकार और पिनाराई विजयन का दिल से शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वे कल इस देश के लोगों की डेमोक्रेसी को बचाने के लिए इस लड़ाई के लिए इस देश के स्टूडेंट्स और युवाओं के साथ सड़कों पर उतरे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इंडिया ब्लॉक के मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की घोषणा की है। प्रभावित स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड शामिल हैं।

मार्च के कारण दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी आज राजधानी के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। मार्च के दौरान कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जा सकती है और जरूरत को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन किया जा सकता है।

सोशल मीडिया पर दिली ट्रैफिक पुलिस ने भी अपने संदेश में कहा है कि जिन लोगों को जरूरी काम नहीं है वे प्रभावित इलाकों में जाने से बचें। ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार रूट डायवर्जन में बदलाव भी संभव है। साथ ही यात्रियों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *