उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में जारी किया गया लू चलने का रेड अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और देश के अधिकतर हिस्सों में 20 जून तक हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद इसमें थोड़ी कमी का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में जारी किया गया लू चलने का रेड अलर्ट

सोमवार को प्रयागराज देश का सबसे गर्म शहर था। यहां तापमान 47.6 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के बाक़ी हिस्सों में भी तापमान 45 से 47 डिग्री के बीच रहा और झुलसने वाली गर्म हवाओं का भी सिलसिला जारी रहा।

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक सीवियर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पंजाब, दिल्ली, बिहार और झारखंड में भी सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रहने की सूचना है।


हालाँकि इस बार उत्तर प्रदेश सहित झारखंड और बिहार में मानसून सही समय पर आने की उम्मीद की जा रही थी मगर लोगों को अभी भी इसके लिए इंतजार करना होगा।

मौसम विभाग के अनुसार गर्मी का यह दौर कुछ दिन जारी रह सकता है। विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के कुछ इलाकों को 18 जून के बाद भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक़ मध्य प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिविटी जारी है जिसके चलते 5 दिनों तक बारिश का अनुमान है। यहाँ सोमवार सुबह से राजधानी भोपाल में तेज हवा और बिजली की गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। राज्य में मानसून पहुंचने की तिथि 19-20 जून बताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी दो से तीन दिन भयंकर लू के साथ जारी रहने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई भागों में सोमवार को भी लू चलने के आसार हैं। जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर और रायबरेली में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग द्वारा जिन 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रेड अलर्ट जारी किया गया है। विभाग द्वारा मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना तथा तमिलनाडु में भी आज बारिश की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *