कुशीनगर में एक किसान के नाम पर 1084 कुतंल धान खरीद,चार पर मुकदमा

कुशीनगर,14 जनवरी: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में दो धान खरीद केन्द्रों पर एक किसान से 1084 कुंतल धान खरीद मामले की जांच के बाद दो खरीद केन्द्र के प्रभारी समेत चार लोगों के खिलाफ जिलाधिकारी एस राज लिगंम ने एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।


इसके साथ ही गलत सत्यापन के आरोप में एसडीएम हाटा प्रमोद कुमार तिवारी के खिलाफ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

श्री लिगंम ने बताया कि जिले के पैकौली धान खरीद केन्द्र एवं पैकौली एट करमहा केन्द्र पर एक ही किसान प्रिन्स कुमार सिंह ने 1084 कुन्तल धान बेचा। पोर्टल पर एक ही किसान के नाम 1084 कुंतल धान तौल पर शासन को शक हुआ। इसके बाद पूरे प्रकरण की जांच कराने के लिये खाद्य आयुक्त ने पत्र भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विन्ध्यवासिनी राय व डिप्टी आरएमओ विनय प्रताप सिंह की दो सदस्यीय टीम गठित की। जांच के बाद टीम ने दी गयी रिपोर्ट में कहा है कि किसान द्वारा अपने पंजीयन में अपनी भूमि के विवरण में जिन खाता नम्बरों को दर्ज किया है, उसमें न तो किसान प्रिन्स कुमार सिंह का नाम अंकित है और न ही उनके पिता का।

जो भी खाता धारक हैं वे रधिया देवरिया ग्राम के किसान हैं जबकि प्रिन्स कुमार सिंह हाटा तहसील के पैकौली गांव का निवासी है। जांच टीम ने यह भी लिखा है कि किसान के नाम से पंजीयन में दर्ज गाटा संख्या उसकी जमीन ही नहीं है। फर्जीवाड़ा के इस मामले में दोनों क्रय केन्द्र के प्रभारी, एसडीएम कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर और किसान प्रिंस कुमार सिंह दोषी हैं।

जिलाधिकारी का कहना है कि धान तौल में गड़बड़ी सामने आने पर जालसाजी करने वाले किसान, हाटा तहसील के कंप्यूटर ऑपरेटर, धान क्रय केन्द्र पैकौली एवं पैकौली एट करमहा केन्द्र प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जिला प्रबंधक पीसीयू को दिये गये हैं। एसडीएम हाटा के खिलाफ नोटिस देकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसको बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *