संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) एक पर्यावरण-अनुकूल मस्जिद का निर्माण कर रहा है जो कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन नहीं करेगी। इमारत का डिज़ायन बनाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि ऊर्जा के साथ पानी की खपत को भी कम किया जा सके। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए इमारत में सौर पैनल लगे हैं जिनसे इसकी वार्षिक ऊर्जा ज़रूरतों का 100% उत्पादन होने की उम्मीद है।

डाइऑक्साइड उत्सर्जन न करने वाली अबुधाबी की यह मस्जिद पूरी तरह से पर्यावरण-अनुकूल इमारत है जिसे आम जनता के लिए अगले माह यानी अक्टूबर में कोला जाएगा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अबू धाबी में बनने वाली यह नेट-ज़ीरो ऊर्जा मस्जिद दुनिया में अपनी तरह की पहली मस्जिद होगी जो मिट्टी और सौर पैनलों से तैयार की गई है।
यह मस्जिद प्राकृतिक हवा के बहाव वाली तकनीक का उपयोग करती है। इसके अंदरूनी हिस्सों को प्रार्थना कक्षों, स्नान क्षेत्रों और गलियारों में मंद हवा को पकड़ने और निर्देशित करने के लिए सावधानीपूर्वक आकार दिया गया है। यह तरीका टेक्नीकल कूलिंग वाली प्रणाली से बचाता है और ऊर्जा की बचत करता है। साथ ही प्राकृतिक रूप से एक आरामदायक वातावरण बनाने में मददगार है।
ब्रिटिश कंपनी अरुप द्वारा डिज़ाइन की गई इस मस्जिद की क्षमता 1,300 नमाज़ियों की होगी। मसदर सिटी द्वारा निर्मित यह मस्जिद अपनी ऊर्जा की 100 प्रतिशत ज़रूरतों को सौर पैनलों की मदद से पूरा करेगी। इसके लिए जो कूलिंग और गोलाकार डिज़ाइन अपनाया गया है उससे ऊर्जा की ज़रूरतों को एक-तिहाई और पानी की ज़रूरतों को 50 प्रतिशत तक कम करने में मदद मिलेगी। वैश्विक इंजीनियरिंग फर्म अरुप द्वारा डिज़ाइन और अलदार द्वारा विकसित इस अभूतपूर्व परियोजना का उद्देश्य परंपरा को अत्याधुनिक हरित तकनीक के साथ जोड़ना है।
मस्जिद का गोलाकार फ़ुटप्रिंट लगभग 17,167 वर्ग फुट (1,595 वर्ग मीटर) है। इसका आकार न केवल एक सौंदर्यपरक विकल्प है, बल्कि एक व्यावहारिक विकल्प भी है, जिसे तापीय भार को कम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस मस्जिद को तैयार करने में एक बड़ी चुनौती क़िबला दिशा सुनिश्चित करना था। इसके अलावा, सूरज और गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए कोणीय खिड़कियाँ और रोशनदान, दीवारों का इन्सुलेशन और कूलिंग सामग्री आदि जैसे विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल किया गया।
इसके अलावा, सेंसर के माध्यम से तापमान और आर्द्रता की निगरानी की भी सुविधा है, जिससे पंखे और एयर कंडीशनर केवल आवश्यक होने पर ही चालू किए जाएंगे।











