देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की यादों को सहेजने के लिए बनाए गए क्रांति मंदिर (लाल किला) म्यूज़ियम से एक बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। नेताजी के परपोते चंद्र कुमार बोस ने सोशल मीडिया के ज़रिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया है कि उन्होंने प्रधानमंत्री को जो ऐतिहासिक टोपी तोहफ़े में दी थी, वह अब अपनी जगह पर नहीं है।

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपनी चिंता ज्याकत करते हुए, चंद्र कुमार बोस ने लिखा कि उनके संगठन ‘द ओपन प्लेटफ़ॉर्म फ़ॉर नेताजी’ (OPN) के सदस्य एडवोकेट नवीन बामल ने हाल ही में म्यूज़ियम का दौरा किया। दौरा करने पर उन्हें पता चला कि नेताजी की टोपी गायब है। हैरानी की बात यह है कि आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ़ इंडिया (ASI) के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को टोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
चंद्र कुमार बोस ने प्रधानमंत्री को याद दिलाते हुए लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपको याद होगा कि 23 जनवरी 2019 को नेताजी की जयंती के मौके पर, मैंने और मेरे परिवार ने आपको यह टोपी भेंट की थी। आपने खुद इसे लाल किले में नेताजी म्यूज़ियम (क्रांति मंदिर) में देश को समर्पित किया था।” उन्होंने आगे लिखा कि यह बहुत शर्मनाक है कि नेताजी जैसे महान नेता की विरासत के साथ ऐसी स्थिति पैदा हुई है और उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में खुद दखल देने की अपील की।
