मीठी ज़बान और लज़ीज़ पकवान वाला लखनऊ अपनी समृद्ध पाककला विरासत के लिए ‘रचनात्मक शहरों’ की सूची में शामिल किया है। इस शहर को विश्व नगर दिवस 2025 पर यह सम्मान मिला।

यूनेस्को की घोषणा में नई सूची के मुताबिक़, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की महानिदेशक ऑड्रे अजोले ने 58 शहरों को यूनेस्को के रचनात्मक शहरों के नेटवर्क के नए सदस्य के रूप में नामित किया है। इस सूची में अब 100 से अधिक देशों के 408 शहर शामिल हैं।
यूनेस्को में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘भारत के लिए गर्व का क्षण। ‘‘पाक कला’’ श्रेणी में मान्यता पाने वाला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने अब वैश्विक मंच पर पहचान मिली है।
संगठन की महानिदेशक ऑड्रेअजोले ने कहा, ‘‘यूनेस्को के रचनात्मक शहर दर्शाते हैं कि संस्कृति और रचनात्मक उद्योग विकास के ठोस प्रेरक हो सकते हैं। हम 58 नए शहरों का स्वागत करके एक ऐसे नेटवर्क को मजबूत कर रहे हैं जहां रचनात्मकता स्थानीय पहलों का समर्थन करती है, निवेश आकर्षित करती है और सामाजिक सामंजस्य को बढ़ावा देती है।’’
प्रतिनिधिमंडल ने आगे कहा, ‘‘विश्व नगर दिवस 2025 (30 अक्टूबर) के मौके पर लखनऊ को ‘यूनेस्को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी’ नामित किया गया है। लखनऊ के साथ 58 नए शहरों को ‘यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज नेटवर्क’ (यूसीसीएन) में स्थान मिला है। यूसीसीएन में अब 100 से अधिक देशों के 408 शहर शामिल हैं।’’
गौरतलब है कि लखनऊ की समृद्ध पाक परंपरा यहाँ के पारंपरिक लजीज व्यंजनों के लिए प्रसिद्ध है। इनमे अवधी व्यंजन और चाट के अलावा स्वादिष्ट मिठाइयां शामिल हैं।
यह सम्मान विश्व नगर दिवस पर घोषित शहरों को ‘‘सतत शहरी विकास के प्रेरक के रूप में रचनात्मकता को बढ़ावा देने की उनकी प्रतिबद्धता’’ के लिए सम्मानित करता है।
बताते चलें कि वर्ष 2004 में स्थापित यूसीसीएन का मक़सद, उन शहरों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है जो समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए संस्कृति और रचनात्मकता का लाभ उठाते हैं। यह उन पहलों का समर्थन करता है जो रोजगार पैदा करती हैं, सांस्कृतिक जीवंतता को बढ़ावा देती हैं और सामाजिक सामंजस्य को मजबूत करती हैं।
वार्षिक सम्मेलन 2026 के लिए ‘रचनात्मक शहर’ एस्सौइरा (मोरक्को) में नेटवर्क के जुटेंगे। एस्सौइरा को 2019 में संगीत के लिए रचनात्मक शहरों की सूची में जगह मिली थी।
एक नज़र दुनिया भर के नए रचनात्मक शहरों पर डालें तो यूनेस्को द्वारा नए नामित रचनात्मक शहरों में संगीत के लिए किसुमु (केन्या) और न्यू ऑरलियंस (अमरीका), डिजाइन के लिए रियाद (सऊदी अरब), पाककला के लिए मातोसिन्होस (पुर्तगाल) और कुएनका (इक्वाडोर), फिल्म के लिए गीजा (मिस्र), वास्तुकला के लिए रोवेनेमी (फिनलैंड), मीडिया कला के लिए मलंग (इंडोनेशिया) और साहित्य के लिए एबरिस्टविथ (ब्रिटेन) के नाम भी शामिल हैं।











