भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल मुकाबले में खेल से इंकार करने के साथ अपना नाम वापस ले लिया है। टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह के संबंध न रखने की बात कही है।

गौरतलब है कि पिछले मैच में भी यही रुख अपनाते हुए भारत ने खेलने से इंकार कर दिया था और मुकाबले से बाहर हो गया था। कई खिलाड़ियों ने पहलगाम आतंकी हमले और और ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद ग्रुप चरण में पाकिस्तान के साथ न खेलने का अपना इरादा पहले ही व्यक्त कर दिया था। इनमे शिखर धवन, इरफान पठान, हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना जैसे प्लेयर्स के नाम शामिल हैं।
बताते चलें कि एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना था। ऐसे में भारतीय प्रायोजक, ईज़ीमाईट्रिप ने पहले ही यह कहते हुए मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया है कि ‘आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते हैं। इस बात की घोषणा कंपनी के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी ने अपने एक्स हैंडल पर की थी।
निशांत ने अपने संदेश में लिखा- ‘हम भारत के साथ हैं। हम ऐसे किसी भी आयोजन का समर्थन नहीं कर सकते जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंध सामान्य बनाने का प्रयास करता हो। भारत के लोगों ने अपनी बात रखी है और हम उनकी बात सुन रहे हैं। EaseMyTrip WCL में भारत बनाम पाकिस्तान मैच से जुड़ा नहीं होगा। कुछ चीजें खेल से भी बड़ी होती हैं। देश पहले व्यापार बाद में’।
मंगलवार को अपने आखिरी ग्रुप चरण के मुकाबले में भारतीय चैंपियन टीम ने वेस्टइंडीज को मात्र 13.2 ओवर में हराकर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। लीग चरण में भारतीय चैंपियन टीम पांच मैचों में सिर्फ एक मैच जीत पाई है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के बाद उन्हें एक अंक मिला था और उनकी एकमात्र जीत आखिरी लीग चरण के मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई रही। नॉकआउट में जगह बनाने के लिए टीम को 14.1 ओवर में 145 रन बनाने थे। यूसुफ पठान के विजयी छक्के की बदौलत भारतीय चैंपियन टीम ने इसे सिर्फ 13.2 ओवर में पूरा करते हुए सेमीफाइनल में ज़ोरदार एंट्री ली।
बताते चलें कि मोहम्मद हफीज की कप्तानी में लीग चरण में पाकिस्तान चैंपियन टीम टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम थी। लीग चरण के अंत में उन्होंने पांच में से चार मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और भारत के खिलाफ उनका मैच रद्द कर दिया गया था। टीम अंक तालिका में यह टीम 9 अंकों के साथ शीर्ष पर रही।









