ईरान और अमरीका के बीच होने वाले सीजफायर के बाद भारत ने अपने नागरिकों के लिए ईरान छोड़ने की एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइज़री ईरान और अमरीका के बीच सीजफायर समझौते पर पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद हुई है। इस अर्जेन्ट एडवाइज़री में दूतावास के बताए रास्तों का इस्तेमाल करके जल्दी से जल्दी ईरान से निकल जाने की बात कही गई है।
भारतीय दूतावास की ओर से जारी इस एडवाइजरी में कहा गया है, ’07 अप्रैल 2026 की एडवाइजरी को जारी रखते हुए, और हाल के डेवलपमेंट को देखते हुए, ईरान में अभी भी मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे दूतावास के साथ सामंजस्य करके और दूतावास द्वारा बताए गए रास्तों का इस्तेमाल करके, ईरान से जल्दी निकल जाएं।’ एडवाइजरी में सलाहकार के साथ आपातकालीन कॉन्टैक्ट्स भी जोड़े गए हैं।
इस एडवाइज़री में यह भी कहा गया है, ”यह फिर से दोहराया जाता है कि दूतावास से पहले से सलाह और सामंजस्य के बिना किसी भी इंटरनेशनल लैंड बॉर्डर पर जाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।’
बताते चलें कि इस सीज़फायर से दुनिया भर के लोगों ने बड़ी राहत की साँस ली है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ एक बड़ी मिलिट्री लड़ाई में पीछे हट गए हैं। उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने से जुड़े प्लान किए गए हमलों पर दो सप्ताह की सशर्त रोक का ऐलान किया है।
सीज़फायर का फैसला ईरान के साथ डील के लिए ट्रंप की तय की गई डेडलाइन से दो घंटे पहले आया। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि अगर ईरान जरूरी शिपिंग रूट खोलने के लिए राजी हो जाता है, तो वह दो सप्ताह के लिए हमलों में बढ़ोतरी को रोक देंगे। आगे उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ बातचीत से एक ऐसा नतीजा निकला जिसे उन्होंने “दोतरफा सीजफायर” बताया।Urging
ट्रंप ने यह भी कहा कि पिछले झगड़े के लगभग सभी अलग-अलग पॉइंट्स पर सहमति हो गई है और दो सप्ताह का ब्रेक समझौते को फाइनल और पूरा करने में मददगार होगा। याद दिला दें कि अमरीका को ईरान से दस-पॉइंट का प्रस्ताव मिला था।
ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची आश्वासन दिया कि अगर ईरान के खिलाफ हमले रुक गए, तो हमारे ताकतवर सशस्त्र बल अपने डिफेंसिव ऑपरेशन बंद कर देंगे।