अमेरिका के पूर्व रक्षा सचिव रम्सफेल्ड का निधन

वाशिंगटन 01 जुलाई : इराक पर वर्ष 2003 के अमेरिकी आक्रमण और कब्जे के प्रमुख वास्तुकार पूर्व अमेरिकी रक्षा सचिव डोनाल्ड रम्सफेल्ड का निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे।

अमेरिका के पूर्व रक्षा सचिव रम्सफेल्ड का निधन

डोनाल्ड रम्सफेल्ड के परिवार ने बुधवार को एक बयान में कहा,“हमें गहरा दुख है कि हम एक अमेरिकी राजनेता और समर्पित पति, पिता और परदादा, डोनाल्ड रम्सफेल्ड के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। 88 साल की उम्र में, वह अपने प्यारे ताओस, न्यू मैक्सिको में परिवार से घिरे हुए थे।”

परिवार के एक प्रवक्ता ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि श्री रम्सफेल्ड की मौत का कारण मल्टीपल मायलोमा, एक प्रकार का ब्लड कैंसर था। डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने दो बार रक्षा सचिव के रूप में काम किया। उन्होंने राष्ट्रपति गेराल्ड फोर्ड के अधीन 1975 से 1977 तक कार्य किया। वह व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ भी रहे और 2001 से 2006 तक राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में कार्य किया।

वह इराक और अफगानिस्तान पर अमेरिकी आक्रमणों के पीछे एक प्रेरक शक्ति थे लेकिन सत्ता में अपने पांच वर्षों के दौरान युद्ध जीतने और अल-कायदा नेता ओसामा बिन लादेन को पकड़ने या मारने में विफल रहे।

पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के शासन में पेंटागन संभालने वाले श्री रम्सफेल्ड को राजनीतिक रूप से चतुर माना जाता था। श्री रम्सफेल्ड दो बार पेंटागन प्रमुख बनने वाले इकलौते व्यक्ति हैं। पहली बार जब 1975 में वो पेंटागन गए थे, तो सबसे कम उम्र के प्रमुख बने थे। अगली बार जब 2001 में बने तो वो सबसे ज्यादा उम्र के प्रमुख थे। डोनाल्ड रम्सफेल्ड ने वर्ष 1988 में रिपब्लिकन राष्ट्रपति उम्मीदवारी की रेस में हिस्सा लिया था। हालांकि, उनकी ये योजना फ्लॉप हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *