लखनऊ में ईद की बधाई वाले होर्डिंग हटाये गये, हैरिटेज जोन में लगे थे बधाई संदेश

लखनऊ। प्रशासनिक अमले और नगर निगम ने पुराने शहर के हैरिटेज जोन में लगी होर्डिंग्स को हटा दिया। पुराने लखनऊ के बड़ें इमामबाड़े के पास और हुसैनाबाद इलाके में ये होर्डिंग्स अलग अलग राजनीतिक पार्टियों ने ईद की बधाई के लिये लगाये थे। जिला प्रशासन का कहना है कि हैरिटेज जोन में होर्डिंग्स लगाने वालों को नोटिस भी दिया जायेगा, क्योंकि यहां इस तरह की किसी भी गतिविधि पर प्रतिबंध है।

BSP hording

गौरतलब है कि अगले साल 2017 में यूपी विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। जिसके लिये कुछ पार्टियों ने अपने उम्मीदवार भी घोषित कर दिये हैं। जबकि कुछ स्थानीय नेता अपनी अपनी पार्टियों से टिकट चाह रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र की जनता के साथ ही अपनी पार्टियों को संदेश देने के लिये पूरे शहर में नेताओं ने ईद की बधाई देते हुये होर्डिंग्स लगाये है। पुराना शहर अधिकांश तौर पर लखनऊ पश्चिम और लखनऊ उत्तर विधान सभा क्षेत्रों के अंतर्गत आता है। जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या काफ़ी अधिक है। दोनों ही क्षेत्र मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र हैं। इसी वजह से पुराने शहरे के इलाकों में ईद की बधाई संदेश वाले होर्डिंग्स लगाये गये।

congress hording

इनमें से अधिकांश होर्डिंग्स हुसैनाबाद के छोटे इमामबाड़े के गेट के आस पास, और बड़े इमामबाड़े के रूमी गेट के आसपास दिखायी दिये। ये पूरा इलाक़ा हैरिटेज जोन के अंतर्गत आता है। यही वजह है कि प्रशासन ने यहां से होर्डिंग्स हटवाने की कार्रवाई की। हालांकि जिन नेताओं के होर्डिंग्स हटाये गये हैं उन्होंने प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े किये हैं। उनका कहना है कि सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर ये काम किया जा रहा है। अब देखना ये होगा कि क्या प्रशासन सत्ताधारी पार्टियों के बधाई संदेश वाले होर्डिंग्स को भी हटाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *