हैरी पॉटर वेब सिरीज का पहला लुक जारी कर मेकर्स ने बच्चों के साथ उन बड़ों की धड़कनें बढ़ा दी हैं

पूरी दुनिया के साथ भारत के फैंस को भी ‘हैरी पॉटर’ टीवी सिरीज का बेसब्री से इंतजार है। जेके रोलिंग के उपन्यासों की श्रंखला पर आधारित टीवी सिरीज़ ‘हैरी पॉटर’ की पहली झलक दर्शकों के लिए प्रस्तुत कर दी गई है। आखिरकार एचबीओ ने ‘हैरी पॉटर’ वेब सीरीज की पहली झलक दुनिया के सामने पेश कर दी है।

सोशल मीडिया पर बीते दिन एक पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित सिरीज की जानकारी दी थी और बताया था कि अगले दिन इसकी पहली झलक मिलेगी।

‘हैरी पॉटर’ टीवी सिरीज की पहली फोटो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए मेकर्स ने बच्चों के साथ उन बड़ों की धड़कनें बढ़ा दी हैं जो इन किताबों और उनपर बनी पहली फिल्म सिरीज को देख कर बड़े हुए हैं।

साझा तस्वीर में युवा हैरी (डोमिनिक मैकलॉघलिन) को पीछे से दिखाया गया है। वह हैरी पॉटर के कॉस्ट्यूम में बर्फीली जमीन पर चल रहे हैं। उन्होंने एक लंबा चोगा पहना हुआ है। इस पोस्ट में बताया गया है कि इस सिरीज का पहला टीजर ट्रेलर भी आज रिलीज हो रहा है।

इसका पहला पार्ट साल 2001 में रिलीज हुआ था। इसमें डेनियल रेडक्लिफ और एमा वॉटसन ने अहम किरदार निभाया था। इसके बाद इसकी आठ किस्तें आईं। अब मेकर्स इस पर टीवी सिरीज बना रहे हैं।

गौरतलब है कि जेके रोलिंग के सात उपन्यासों की दुनिया भर में 600 मिलियन से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी हैं। ‘हैरी पॉटर’ टीवी सिरीज में इन उपन्यासों को नए सिरे से पेश किया जाएगा। टीवी सिरीज के हर सीजन में इन सात किताबों में से एक को शामिल किया जाएगा।

इस सिरीज के कई एपिसोड के निर्देशन का ज़िम्मा उठाया है निर्देशक मार्क माइलॉड ने जबकि जॉन लिथगो इसमें हेडमास्टर एल्बस डंबलडोर का किरदार निभाएंगे। अरेबेला स्टैंटन, हर्माइनी ग्रेंजर की भूमिका में नजर आएंगी। एलास्टेयर स्टाउट को रॉन वीजली के किरदार के लिए चुना गया है। वहीँ जेनेट मैकटीयर प्रोफेसर मिनर्वा मैकगोनगल के रूप में और निक फ्रॉस्ट हैग्रिड के रूप में नजर आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *