ईरान मित्र देशों के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने की इजाज़त दे रहा है। ऐसे में भारतीय जहाज़ नंदा देवी को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने की अनुमति मिल गई है। नंदा देवी एलपीजी लेकर भारत आएगा।
ईरान ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग उसके ‘मित्र’ देशों के लिए खुला है, जबकि अमरीका और उसके सहयोगी देशों के लिए यह बंद रहेगा। बीबीसी की एक खबर के मुताबिक़ ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि ईरान मित्र देशों के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट का रास्ता दे रहा है। साथ ही उन्होंने चीन, रूस, इराक़ और पाकिस्तान जैसे मित्र देशों को होर्मुज़ स्ट्रेट का रास्ता देने की बात भी कही है।
इस बयान की जानकारी मुंबई में ईरान के कॉन्सुलेट जनरल द्वारा दी गई है। बताते चलें कि होर्मुज़ स्ट्रेट दुनियाभर में तेल और गैस की सप्लाई का बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है, जो ईरान के तट से होकर गुज़रता है।
ईरान ने इसरायल और अमरीका के हमलों के बाद इस रास्ते को बंद कर दिया है। बताते चलें कि यहां से गुज़रने वाले कुछ जहाज़ों पर हमला भी हुआ है। खाड़ी में चल रहे युद्ध का आज सत्ताईसवां दिन है। इस बीच अमरीका लगातार होर्मुज़ स्ट्रेट को पूरी तरह खुलवाने के लिए कोशिश कर रहा है।
इस समुद्री मार्ग के बंद किए जाने से दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है इसके अलावा कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।