अगर साँस फूलने की समस्या का सामना कर रहे हैं तो सचेत हो जाएं

अकसर देखा गया है कि कई लोगों को थोड़ी दूर चलने या हल्की शारीरिक गतिविधि करने के बाद साँस फूलने की शिकायत होती है। मेडिकल की भाषा में इसे डिस्पेनिया कहते हैं। वैसे तो यह अस्थायी या हानिरहित हो सकता है, लेकिन कभी-कभी यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है।

अगर साँस फूलने की समस्या का सामना कर रहे हैं तो सचेत हो जाएं

यदि आपको बार-बार चलने या हल्की-फुल्की गतिविधियों के दौरान सांस लेने में तकलीफ हो, तो इसे सामान्य न समझें, तुरंत डॉक्टर से सलाह लें ताकि असली कारण का पता लगाया जा सके और समय पर इलाज किया जा सके।

और अगर सांस लेने में गंभीर तकलीफ, चक्कर आना या बेहोशी हो तो तुरंत आपातकालीन सहायता लें। चलने या हल्की गतिविधि के दौरान साँस फूलने के सामान्य कारण इस तरह हैं-

शारीरिक कमज़ोरी या फ़िटनेस की कमी
अगर हल्की गतिविधि के बाद भी आपको थकान या साँस फूलने लगती है, तो इसका कारण शरीर का निष्क्रिय होना हो सकता है। जब शरीर नियमित व्यायाम या गतिविधि का अभ्यस्त नहीं होता, तो सीढ़ियाँ चढ़ने या थोड़ा ज़्यादा चलने से भी साँस फूलने की समस्या हो सकती है।

मोटापा
शरीर का अतिरिक्त वज़न, खासकर छाती और पेट के आसपास की चर्बी, फेफड़ों और डायाफ्राम पर दबाव डालती है, जिससे साँस लेना मुश्किल हो जाता है। मोटापा साँस फूलने का एक आम कारण है।

चिंता
चिंता या पैनिक डिसऑर्डर से पीड़ित लोगों में तेज़ दिल की धड़कन और साँस लेने में तकलीफ़ जैसे सामान्य लक्षण होते हैं। अनावश्यक चिंता या घबराहट, शांत अवस्था में भी साँस लेने में तकलीफ़ का कारण बन सकती है।

अस्थमा
अस्थमा में, वायुमार्ग सूज जाते हैं और संकरे हो जाते हैं, जिससे साँस लेने में कठिनाई होती है। कुछ लोगों को शारीरिक गतिविधि, ठंडी हवा और एलर्जी के दौरान अस्थमा का दौरा पड़ सकता है।

निमोनिया
फेफड़ों में बैक्टीरिया या वायरस के संक्रमण से साँस लेने में कठिनाई, बुखार, खांसी और सीने में दर्द हो सकता है। ऐसे में हल्की गतिविधि के दौरान साँस फूलने की समस्या आम है। 

क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी)
यह एक दीर्घकालिक फेफड़ों की बीमारी है जो आमतौर पर धूम्रपान या प्रदूषण के कारण होती है। यह धीरे-धीरे फेफड़ों की कार्यक्षमता को कम करती है और साँस लेने में तकलीफ़ और सीने में जकड़न का कारण बनती है।

हार्ट फेलियर
जब हृदय शरीर के विभिन्न अंगों में पर्याप्त मात्रा में रक्त पंप नहीं कर पाता है, तो हल्की-फुल्की गतिविधियों के दौरान भी थकान और साँस लेने में तकलीफ़ होने लगती है।

दिल का दौरा
दिल के दौरे के शुरुआती लक्षणों में सीने में जकड़न या सांस लेने में तकलीफ शामिल हो सकती है, जो शारीरिक परिश्रम या चलने के दौरान हो सकती है।

एनीमिया
यदि शरीर में आयरन या लाल रक्त कोशिकाओं की कमी हो, तो शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है, जिससे साधारण काम करते समय भी सांस फूलने और कमज़ोरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *