लखनऊ मेट्रो के विस्तार के साथ दस नए रूट प्रस्तावित

लखनऊ मेट्रो नेटवर्क में बाराबंकी को जोड़ने की योजना है। दस नए रूट के प्रस्ताव के साथ लखनऊ मेट्रो का नेटवर्क बाराबंकी तक बढ़ाया जाएगा। साथ ही एक विशाल डिपो की योजना भी है।

शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए इस योजना पर काम हो रहा है। इसके लिए एलडीए मेट्रो डिपो के लिए 20 हेक्टेयर जमीन की तलाश में है।

यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए और शहरवासियों को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो का नेटवर्क को विस्तार दिया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस विस्तार योजना के तहत लखनऊ के पड़ोसी जिले बाराबंकी को भी सीधे राजधानी के मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है।

योजना को साकार रूप देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण नए डिपो के निर्माण हेतु लगभग 20 हेक्टेयर जमीन की तलाश कर रहा है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि साल 2047 तक शहर के लगभग सभी प्रमुख रिहायशी, व्यावसायिक और बाहरी इलाकों को मेट्रो से जोड़ने के लक्ष्य पर तेजी से काम शुरू हो गया है।

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि मेट्रो डिपो के लिए मुनासिब जगह तलाशने के उद्देश्य से लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने 5 सीनियर अधिकारियों की एक खास समिति का गठन किया है। इस समिति में एलडीए के अपर सचिव, वित्त नियंत्रक, मुख्य नगर नियोजक और मुख्य अभियंता को बतौर सदस्य शामिल किया गया है, जबकि अधिशासी अभियंता मनोज सागर को समिति का संयोजक बनाया गया है।

यह टीम प्रस्तावित मेट्रो अलाइनमेंट के एक से दो किलोमीटर की परिधि में सरकारी और अन्य उपलब्ध जमीनों का तकनीकी व भौतिक परीक्षण करेगी, ताकि डिपो को मुख्य लाइन से आसानी से जोड़ा जा सके।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मेट्रो संचालन के मानकों को देखते हुए डिपो में ट्रेनों को खड़ा करने, तकनीकी जांच, दैनिक धुलाई और ओवरहालिंग की व्यवस्था होती है, जिसके लिए ट्रैक के नजदीक बड़ी भूमि की आवश्यकता होती है।

इन मुद्दों पर एलडीए की टीम ने अब तक तीन संभावित स्थानों पर जमीन का शुरुआती परीक्षण भी कर लिया है। यह टीम चिह्नित जमीनों के स्वामित्व, राजस्व अभिलेखों और कानूनी पहलुओं की गहन जांच कर अपनी रिपोर्ट उपाध्यक्ष को सौंपेगी। इसके बाद चुने गए बीस हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण एवं हस्तांतरण संबंधी काम किए जाएंगे।

रिपोर्ट के मुताबिक़, लखनऊ के दस से अधिक महत्वपूर्ण इलाकों को मेट्रो विस्तार योजना के तहत मेट्रो से जोड़ने की रूपरेखा बनाई गई है। इन में कल्ली पश्चिम से आईआईएम (45 किमी), राजाजीपुरम से आईआईएम (18.42 किमी), चारबाग से कल्ली पश्चिम (13 किमी), इंदिरा नगर से सीजी सिटी (7.7 किमी) और इंदिरा नगर से अनौरा कला (9.27 किमी) शामिल हैं।

गौरतलब है कि इसके अलावा चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से बंथरा (11 किमी), मुंशीपुलिया से जानकीपुरम (6.29 किमी), सीजी सिटी से एयरपोर्ट (19.8 किमी), कल्ली पश्चिम से मोहनलालगंज (6 किमी) और अनौरा कला से बाराबंकी तक 14 किमी लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण से बाराबंकी, पीजीआई, सीतापुर रोड, इकाना स्टेडियम और सुशांत गोल्फ सिटी के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *