ऑनलाइन चर्चा में नसीरुद्दीन शाह का आइंस्टीन वाला किरदार

दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह इस समय अपने एक प्ले की बदौलत काफी चर्चा बटोर रहे हैं। दरअसल उन्होंने 75 मिनट के सोलो प्ले ‘आइंस्टीन’ में अल्बर्ट आइंस्टीन के दमदार किरदार को निभाया है।

अब उनके स्टेज परफॉर्मेंस के क्लिप्स सोशल मीडिया की बदौलत इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर खूब शेयर किए जा रहे हैं। नसीर के इस रूप को देखकर दर्शकों को उनके ज़बरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर ज़बरदस्त उत्साह है और वह इस पर बात भी कर रहे हैं।

यह चर्चा उनके सवा घंटे के मशहूर सोलो (एकल) नाटक ‘आइंस्टीन’ को लेकर हो रही है, जिसे उनके थिएटर ग्रुप ‘मॉटली’ (Motley Theatre) द्वारा प्रस्तुत किया गया है। यह नाटक कनाडाई नाटककार गैब्रियल इमैनुएल के लिखे नाटक पर आधारित है। जिसका मंचन काफी पहले हुआ था।

सोशल मीडिया पर लोग नसीरुद्दीन शाह के लुक की जमकर तारीफ कर रहे हैं। सफेद बिखरे हुए बाल, कार्डिगन स्वेटर, ब्लैक ट्राउजर्स और आइंस्टीन की तरह जर्मन लहजे वाली अंग्रेजी (German-accented English) में बात करते हुए वे हूबहू आइंस्टीन जैसे नजर आते हैं।

अंग्रेजी भाषा के इस नाटक में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने आइंस्टीन के खास तौर-तरीकों, लुक और जर्मन लहजे को बखूबी अपनाया है। साथ ही इसमें इस भौतिक विज्ञानी के बचपन, युद्ध और धर्म पर उनके विचारों और चार्ली चैपलिन जैसी हस्तियों के साथ उनके मुलाकातों को भी दिखाया गया है।

चर्चा में इस बात का खास जिक्र है कि नसीरुद्दीन शाह मंच पर नंगे पैर अभिनय करते हैं। आइंस्टीन को असल जिंदगी में मोज़े पहनना पसंद नहीं था और शाह ने इस बारीक आदत को भी मंच पर पेश किया है।

यह नाटक आइंस्टीन के नैतिक द्वंद्व और परमाणु बम निर्माण में वैज्ञानिक खोजों के इस्तेमाल पर उनके पछतावे को भी दिखाता है। शाह के थिएटर ग्रुप ‘मोटली’ द्वारा मंचित इस परफॉर्मेंस को पूरे भारत में थिएटर फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में काफी सराहना मिली है।

एक दिग्गज थिएटर कलाकार के साथ नसीरुद्दीन शाह हिंदी सिनेमा और टेलीविज़न में अपने काम के लिए एक खास पहचान रखते हैं। कई दशकों के करियर में वे अपनी बहुमुखी अभिनय क्षमता के लिए जाने जाते हैं और थिएटर ग्रुप ‘मोटली’ के सह-संस्थापक भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *