लखनऊ छावनी को मिलेंगी हाईटेक और आधुनिक सुविधाएं

लखनऊ छावनी को हाईटेक और सुव्यस्थित परियोजनाओं से लैस किया जाएगा। रक्षा मंत्री और सांसद राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि बदलती जरूरतों के साथ नियमों में बदलाव जरूरी है। इसी के तहत छावनी क्षेत्र में नई व्यवस्था लागू की गई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ छावनी में 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन किया। रविवार को हुए इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के सहयोग से लागू की जा रही दो परियोजनाएं भी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, छावनी क्षेत्र में अब पांच मंजिल तक इमारतों का निर्माण किया जा सकेगा। गौरतलब है कि पहले यहां तीन मंजिल तक निर्माण की अनुमति थी लेकिन अब पांच मंजिल तक निर्माण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि विरासत को सुरक्षित रखते हुए लखनऊ छावनी आधुनिक सुविधाओं के साथ तेजी से विकसित होगा।

विभिन्न बदलावों के तहत, छावनी क्षेत्र में जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, खेल, स्वच्छता, पार्किंग और नागरिक सुविधाओं के साथ शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

लखनऊ छावनी में जिन परियोजनाओं के तहत काम किया जाएगा उनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र, आधुनिक श्मशान घाट, 1,500 किलोलीटर क्षमता वाला भूमिगत जलाशय, पुरानी और खराब हो चुकी जल आपूर्ति पाइपलाइन को बदलना आदि शामिल है।

इसके अलावा एससीएडीए स्वचालन के साथ आठ ट्यूबवेल का निर्माण और एससीएडीए प्रणाली से जुड़े ओवरहेड टैंक का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य छावनी क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक बनाना है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यहाँ बहुउपयोगी खेल परिसर भी विकसित किया जाएगा, जिससे युवाओं और बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। परियोजनाओं के तहत लखनऊ छावनी में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष विद्यालय, आरए बाजार माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाओं और शौचालयों का निर्माण तथा रेनबो मॉडल स्कूल में अतिरिक्त कक्षाओं और शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।

छावनी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था, शहरी सुविधाओं और पर्यावरण प्रबंधन को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए लखनऊ छावनी में बहुस्तरीय रोबोटिक कार पार्किंग और वाणिज्यिक परिसर के निर्माण की भी योजना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ छावनी में कई बाजारों के नाम बदले जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रिटिश काल से जुड़े नामों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय जीवन की प्रमुख हस्तियों के नामों से बदला गया है। कनेडी बाजार का नाम अटल बिहारी वाजपेयी बाजार रखा गया है। रॉयल आर्टिलरी बाजार का नाम एकता बाजार, ब्रिटिश कैवलरी बाजार का नाम उदा देवी बाजार, ब्रिटिश इन्फैंट्री बाजार का नाम मातादिन वाल्मीकि बाजार और एक अन्य ब्रिटिश इन्फैंट्री बाजार का नाम मंगल पांडे बाजार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *