मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026 का खिताब जीतने वाली क्विन्ह एन गुयेन से उनका ताज वापस ले लिया गया है। उन्हें यह खिताब मिले अभी महज 50 दिन भी नहीं हुए थे। नियमों का पालन नहीं करने और निजी चैट वायरल होना इसका कारण बताया जा रहा है। अब यह सवाल भी सामने आया है कि मिस यूनिवर्स वियतनाम का ताज का अगला दावेदार कौन होगा?
ब्यूटी पेजेंट संसार से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आयोजक कंपनी ने 18 नवंबर को आधिकारिक तौर पर क्विन्ह एन गुयेन का खिताब वापस लेने का फैसला किया।
रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि निजी चैट के स्क्रीनशॉट वायरल होने और निलंबन के नियमों का पालन नहीं करने की वजह से उन्हें यह नुकसान उठाना पड़ा है। क्विन्ह एन गुयेन को यह ताज इसी वर्ष 2 अक्तूबर को हाई फोंग में मिस यूनिवर्स वियतनाम 2026 के दौरान मिला था। इस जीत के कुछ ही दिनों बाद वह विवादों में आ गईं।
ख़बरों से पता चलता है कि, अक्तूबर में क्विन्ह और प्रतियोगिता की पहली रनर-अप ट्रिन्ह माई एन के बीच हुई निजी बातचीत के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।इन स्क्रीनशॉट में प्रतियोगिता और साथी प्रतियोगियों से जुड़े कुछ लोगों के बारे में अपमानजनक बातें लिखे जाने का दावा किया गया था।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि आयोजक कंपनी फाइव6 एंटरटेनमेंट ने मामले की जांच की।जांच के बाद 25 अक्तूबर को क्विन्ह को छह महीने के लिए प्रतियोगिता से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने से रोक दिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले के सामने आने के बाद क्विन्ह ने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से, फाइव6 एंटरटेनमेंट ने आरोप लगाया है कि छह महीने के निलंबन के बावजूद क्विन्ह ने कंपनी की अनुमति के बिना कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और प्रोफेशनल निमंत्रण स्वीकार किए। कंपनी का यह भी कहना है कि उन्होंने एक दूसरी मैनेजमेंट कंपनी के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। इसके अलावा, आयोजकों से पहले बातचीत किए बिना एक विशेष अनुबंध की घोषणा भी कर दी।
क्विन्ह की इन गतिविधियों को कंपनी कई तरह की गलतफहमियों का कारण भी बता रही है। साथ ही प्रतियोगिता की छवि को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। क्विन्ह ने ऑर्गनाइज़ेशन को जानकारी दी थी कि उन्हें आराम करने और अपनी मानसिक सेहत के लिए इलाज कराने की जरूरत है।
क्विन्ह एन गुयेन का खिताब 18 नवंबर को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया गया है।ताज वापसी के इस मामले में अब यह सवाल भी सामने आया है कि मिस यूनिवर्स वियतनाम का ताज का अगला दावेदार कौन होगा। आयोजकों द्वारा अभी तक अगले उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं की गई है।
बताते चलें कि क्विन्ह ने 2018 में ‘द फेस वियतनाम’ में पहली रनर-अप के रूप में अपनी पहचान बनाई थी और इसके बाद साल 2021 में उन्होंने एशियन सुपरमॉडल प्रतियोगिता भी जीती थी। इस बार मिस यूनिवर्स वियतनाम महज कुछ ही सप्ताह में समाप्त हो गया और प्रतियोगिता जीतने के 48 दिन बाद ही जीत का फैसला उनके खिलाफ चला गया।