प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ दौरे पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ के दौरे पर हैं। वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर लखनऊ में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि प्रधानमंत्री आईटीआई (ITI), एनएसटीआई (NSTI) और आईटीओटी (ITOT) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। उनके दौरे के मौके पर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील इलाकों को जोन और सेक्टर में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ आगमन के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। शनिवार दोपहर 12 से रात 10 बजे तक डायवर्जन रहेगा। इमरजेंसी की स्थिति में पुलिस स्कूली वाहन, शव वाहन, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को निकलवाएगी। पुलिस ने लोगों से डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की है।

प्रधामंत्री के आगमन पर 35 प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके चलते इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, कमता, पॉलिटेक्निक, शहीद पथ और अहिमामऊ के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा।शहीद पथ और अहिमामऊ के कई रास्तों पर प्रतिबंध के चलते वाहन चालक किसान पथ, हुसेड़िया अंडरपास और हनीमैन चौराहा जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री शाम 5:30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए 31 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 140 सब-इंस्पेक्टर और 619 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तैनात रहेंगे। एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक एक खास ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ज़रूरत के हिसाब से रूट डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे।

पुलिस ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने, ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और यात्रा करते समय दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 4400 पुलिस वाले तैनात किए गए हैं। इनमें 8 डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (IPS), 10 एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस और 34 असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस शामिल हैं। पूरे इलाके पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी।

सुरक्षा का ज़िम्मा एनएसजी, एटीएस और एंटी-ड्रोन टीमें संभालेंगी
किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए स्नाइपर, एंटी-ड्रोन सिस्टम और नाइट विज़न टीमों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा घेरे में 114 इंस्पेक्टर, 946 सब-इंस्पेक्टर, 108 महिला सब-इंस्पेक्टर, 1,967 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, और 423 महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। इसके अलावा पीएसी, आरएएफ, एनएसजी और एटीएस की टीमें भी तैनात की गई हैं।

आपातकालीन सेवाएं व हेल्पलाइन
एम्बुलेंस, शव वाहन और स्कूल वाहनों को प्रतिबंधों के बीच आपात स्थिति में आवागमन की अनुमति रहेगी। किसी भी जानकारी या आपात सहायता के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9454405155 जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *