साल 2015 की साइंस फिक्शन फिल्म ‘द मार्शियन’ में एक्टर मैट डेमन का कैरेक्टर मंगल ग्रह पर फंसे होने के बाद ग्रीनहाउस में आलू उगाते हुए, अपने खाने का मैनेजमेंट करते हुए दिखा था। अब वैज्ञानिकों के सफल प्रयोग के बाद भविष्य में चांद पर आलू से अलग-अलग डिश बनाने की संभावना है।
आने वाले वर्षों में यूनाइटेड स्टेट्स और चीन चांद की सतह पर इंसानों को भेजने और वहां परमानेंट बेस बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। चांद पर रहने वाले एस्ट्रोनॉट्स के लिए लोकल लेवल पर खाना उगाना बहुत ज़रूरी माना जाता है, क्योंकि धरती से सारा ज़रूरी खाना पहुंचाना मुश्किल होगा।
वैज्ञानिकों ने चांद की मिट्टी जैसी आर्टिफिशियल मिट्टी में पौष्टिक आलू उगाने का सफल प्रयोग किया है, जिससे भविष्य में चांद पर रहने वाले एस्ट्रोनॉट्स के लिए खाना मिलने की नई उम्मीद जगी है।
नासा की एक स्टडी में साइंटिस्ट्स ने चांद की आर्टिफिशियल मिट्टी में ऑर्गेनिक मैटर मिलाकर आलू उगाए और पाया कि सही मात्रा में ऑर्गेनिक मैटर मिलाने से आलू का प्रोडक्शन धरती की मिट्टी के बराबर हो सकता है।
स्टडी में मोडोक नाम की आलू की एक वैरायटी का इस्तेमाल किया गया, जिसका छिलका लाल और गूदा सफेद होता है और यह काफी जल्दी तैयार हो जाता है।
साइंटिस्ट चांद की मिट्टी में चने उगा रहे हैं
इस रिसर्च को लीड करने वाले ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के बॉटनिस्ट एमरिक गोय के अनुसार, आलू कई दूसरी फसलों के मुकाबले कम जगह में ज़्यादा कैलोरी देते हैं, उनमें केले के मुकाबले ज़्यादा पोटैशियम, विटामिन सी और अच्छी मात्रा में प्रोटीन होता है, साथ ही यह एक ऐसा खाना भी है जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है।
साइंटिस्ट के अनुसार, चांद की सतह पर मौजूद मिट्टी असल में चट्टानों और धूल के बारीक कणों से बनी है, जिसे लूनर रेगोलिथ कहते हैं। यह अरबों सालों में उल्कापिंडों के टकराने से बनी थी और धरती की मिट्टी के उलट, इसमें ऑर्गेनिक मैटर नहीं होते हैं। रिसर्च करने वालों ने आर्टिफिशियल चांद की मिट्टी में वर्मीकम्पोस्ट मिलाया, जो केंचुओं द्वारा ऑर्गेनिक कचरे को गलाने से बनने वाला पोषक तत्वों से भरपूर खाद है।
एमरिक गोय के अनुसार, चांद की मिट्टी में नाइट्रोजन नहीं होता है, इसलिए ऑर्गेनिक मैटर डाले बिना कोई भी फसल नहीं उगाई जा सकती। एक्सपेरिमेंट के दौरान, बिना वर्मीकम्पोस्ट वाली मिट्टी में लगाए गए आलू में लगभग कोई जड़ या कंद नहीं निकला। वहीँ 5 परसेंट वर्मीकम्पोस्ट और 95 परसेंट चांद की मिट्टी के मिक्सचर से कुछ आलू की जड़ें और कंद मिले, जबकि 30 परसेंट वर्मीकम्पोस्ट मिलाने से वैसी ही पैदावार हुई जैसी धरती पर मिट्टी में उगाई जाती है। स्टडी के दौरान, पौधों को नेचुरल और आर्टिफिशियल लाइटिंग वाले ग्रीनहाउस में उगाया गया, जहाँ दिन में टेम्परेचर 22 डिग्री सेल्सियस और रात में 18 डिग्री सेल्सियस था।
क्या चांद पर उगाए गए आलू खाने लायक हैं
रिसर्चर्स के मुताबिक, चांद की मिट्टी में कॉपर समेत हेवी मेटल्स भी बहुत ज़्यादा होते हैं, जो पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। ऑर्गेनिक मैटर इन मेटल्स को पौधों द्वारा एब्जॉर्ब होने से रोकता है और उनके टॉक्सिक होने की संभावना को कम करता है।
रिसर्च के हेड, एमरिक गोय ने कहा कि साइंटिस्ट्स ने अभी तक इन आलुओं को चखा नहीं है, क्योंकि इससे बनी फसल का इस्तेमाल लैब में एनालिसिस के लिए किया गया था। उनके मुताबिक, पहले एक्सपेरिमेंट में आलू छोटे गमलों में उगाए गए थे, जिससे उनका वज़न आमतौर पर 10 ग्राम से कम होता था, अब बड़े गमलों में आलू उगाने के दूसरे एक्सपेरिमेंट पर काम चल रहा है, जिसमें बाज़ार में मिलने वाले आलू जितने ही साइज़ के आलू मिले हैं।
वैज्ञानिक चांद की मिट्टी में चना, टमाटर, लेट्यूस के पत्ते और दूसरी फसलें उगाने के लिए भी एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। स्टडी के को-ऑथर डेविड हैंडी का कहना है कि चांद पर खेती से जुड़ी जो टेक्नोलॉजी डेवलप हुई है, वह धरती पर भी काम आ सकती है, खासकर रेगिस्तानी इलाकों और घनी आबादी वाले शहरों में जहां खेती का प्रोडक्शन कम होता है और खाना दूसरे इलाकों से इंपोर्ट किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस रिसर्च से धरती की मिट्टी की क्वालिटी सुधारने और खराब ज़मीन को खेती लायक बनाने के तरीके भी पता चल सकते हैं।