सामान्य इंफेक्शन के इलाज में इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक दवाएँ तेज़ी से बेअसर हो रही हैं। यह चेतावनी विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से दी गई है। इस बीच होने वाली समीक्षा में पाया गया कि इन संक्रमणों में कमी के बजाय तेज़ बढ़ोत्तरी हुई है।
एंटीबायोटिक दवाओं के तेज़ी से बेअसर होने पर संगठन का कहना है कि गंभीर संक्रमणों के इलाज में अन्तिम विकल्प के तौर पर दी जाने वाली दवाओं का असर भी घट रहा है। संगठन के अनुसार, स्थिति वर्ष 2019 की तुलना में कहीं अधिक चिंताजनक है।
समीक्षा के बाद चेतावनी जारी
यूएन मीडिया की एक खबर के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन और योरोपीय रोग रोकथाम एवं नियंत्रण केन्द्र (ECDC) ने अस्पतालों व अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों की समीक्षा के बाद यह चेतावनी जारी की है। ऐसे बैक्टीरिया को अक्सर ‘सुपरबग्स’ कहा जाता है।
कमी की कोशिश के बावजूद बढ़ोत्तरी
अस्पतालों में आम तौर पर पाए जाने वाले Klebsiella pneumoniae बैक्टीरिया से होने वाले दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों में पाँच फ़ीसदी की कमी का लक्ष्य था, लेकिन 2019 से 2025 के बीच इनमें अनुमानित 72 फ़ीसदी की बढ़ोत्तरी हुई।
इसी तरह, सेफ़ालोस्पोरिन एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोधी E. coli बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों में 10 फ़ीसदी की कमी के लक्ष्य के विपरीत, 16 फ़ीसदी से अधिक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
इलाज के घटते विकल्प
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, योरोप के लगभग आधे देशों में Klebsiella pneumoniae और Acinetobacter बैक्टीरिया के कम से कम आधे नमूनों में प्रमुख एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोध पाया गया।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के योरोपीय कार्यालय में स्वास्थ्य सुरक्षा मामलों के प्रमुख डॉक्टर मार्क-अलैन विडोसन ने कहा कि अनेक देशों में अस्पतालों में होने वाले गम्भीर संक्रमणों के इलाज के लिए सबसे पहले दी जाने वाली एंटीबायोटिक दवाएँ बेअसर साबित हो रही हैं।
मजबूरी में अन्तिम विकल्प
ऐसे में डॉक्टर ‘कार्बापेनेम’ नामक अधिक शक्तिशाली एंटीबायोटिक दवाओं का सहारा लेते हैं, जो आम तौर पर बेहद गंभीर मामलों के लिए सुरक्षित रखी जाती हैं। उन्होंने कहा, “जब ये दवाएँ भी बेअसर हो जाती हैं, तो इलाज के लिए अन्तिम विकल्प के रूप में कुछ ही दवाएँ बचती हैं, जो अक्सर महँगी होती हैं और हर देश में उपलब्ध नहीं हैं। ”
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हर दवा के बेअसर होने के साथ इलाज के विकल्प घटते जाते हैं। जिन मरीज़ों के संक्रमण पर पहली एंटीबायोटिक दवा असर नहीं करती, उनकी अस्पताल में मौत होने की आशंका अधिक होती है।
हालाँकि, राहत की बात यह है कि दवा-प्रतिरोधी Acinetobacter बैक्टीरिया से होने वाले रक्त संक्रमणों की अनुमानित दर, कोविड-19 महामारी के दौरान 2021 में दर्ज उच्च स्तर की तुलना में अब लगभग आधी रह गई है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, अध्ययन में शामिल 51 देशों में से 16 में अब भी एकीकृत राष्ट्रीय रणनीति और समन्वय का अभाव है, जिससे रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की रोकथाम के वैश्विक प्रयास बाधित हो रहे हैं।
जाँच के अभाव में इलाज
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जिन अस्पतालों में संक्रमण के लिए ज़िम्मेदार बैक्टीरिया की पहचान के लिए पर्याप्त रक्त जाँच नहीं होती, वहाँ डॉक्टरों को अक्सर दवा की प्रभावशीलता जाने बिना ही एंटीबायोटिक देनी पड़ती है। साथ ही इससे बेअसर दवा से इलाज शुरू होने का ख़तरा बढ़ जाता है।
विश्वसनीय आँकड़ों के अभाव में देशों के लिए भी दवा-प्रतिरोध के प्रसार और उसकी रोकथाम के प्रयासों की प्रभावशीलता का आकलन करना मुश्किल होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा, “बेहतर जाँच से मरीज़ों को जल्द सही दवा मिल सकेगी और देशों को इस ख़तरे की स्पष्ट तस्वीर हासिल होगी।”