केन्या की एक एनवायरनमेंटल एक्टिविस्ट ने सबसे लंबे समय तक पेड़ को गले लगाने का गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। इसके पीछे उनका मक़सद यह बताना है कि पर्यावरण को किसी सिम्बल की नहीं बल्कि लगातार प्रयास की ज़रूरत है।

22 साल की ट्रोफिना मुथोनी 72 घंटे तक एक पेड़ के तने से चिपकी रहीं, इस कामयाबी की वजह से उन्हें सबसे लंबे समय तक पेड़ को पकड़ने का रिकॉर्ड मिला है। उन्हें उम्मीद है कि वह लोगों को प्रकृति से प्यार करने के लिए प्रेरित करेंगी ताकि संरक्षण का काम निर्देश के बजाय जुनून से हो।
यह रिकॉर्ड पहले घाना के फ्रेडरिक बोआकी के नाम था, जिसे अब केन्या की एनवायरनमेंटल एक्टिविस्ट ट्रोफिना ने तोड़ दिया है। फ्रेडरिक ने पेड़ को 50 घंटे, 2 मिनट और 28 सेकंड तक अपनी बाहों में पकड़े रखा था।
मुथोनी ने इससे पहले फरवरी 2025 में 48 घंटे तक पेड़ को गले लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। वह कहती हैं कि पहली कोशिश एक मैसेज थी, उन्होंने इस पहल के ज़रिये इंसानियत को धरती से फिर से जोड़ने का प्रयास किया था।
एनवायरनमेंटल एक्टिविस्ट का कहना है कि दूसरी कोशिश एक कमिटमेंट थी। उन्हें एहसास हुआ कि दुनिया को सिर्फ़ सिंबल से ज़्यादा की ज़रूरत है, दुनिया को लगन, लगातार कोशिश और इस बात का सबूत चाहिए कि धरती की देखभाल कोई टेम्पररी प्रोसेस नहीं है। ऐसा दो बार करने का मकसद यह दिखाना था कि पर्यावरण से जुड़े काम एक बार की बात नहीं हैं, बल्कि यह एक लगातार चलने वाली ज़िम्मेदारी है।
