यूपीपीएससी ने आरओ/एआरओ 2023 भर्ती की मुख्य परीक्षा की तारीखें जारी कर दी हैं। मुख्य परीक्षा दो दिनों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए 31 जनवरी और पहली फरवरी 2026 को परीक्षा होनी है।

आरओ-एआरओ मुख्य परीक्षा 2023 की भर्ती के अंतर्गत कुल 419 पदों पर नियुक्ति होनी है। मुख्य परीक्षा दो दिनों में आयोजित होगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि 31 जनवरी 2026 को सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी एवं आलेखन के दो प्रश्नपत्र होंगे।
सामान्य अध्ययन की परीक्षा 31 जनवरी 2026 सुबह की पाली में 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। हिंदी एवं आलेखन की परीक्षा दोपहर की पाली में 2:00 से 4:30 बजे तक होगी। इसके तुरंत बाद ही सामान्य शब्द ज्ञान एवं व्याकरण की ऑब्जेक्टिव परीक्षा है जो शाम 4:30 से 5:00 बजे तक कराई जाएगी।
शेड्यूल के अगले दिन यानी पहली फरवरी 2026 को हिंदी निबंध की परीक्षा होगी। यह परीक्षा भी पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच होगी।
बताते चलें कि आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 तय की थी। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी 7 नवंबर 2025 तक आयोग कार्यालय में जमा करने को कहा गया था।
आरओ-एआरओ भर्ती के अंतर्गत 419 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आयोग द्वारा 16 अक्टूबर को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया गया था। इसमें 74,555 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया था।
इन सफल में अभ्यर्थियों में समीक्षा अधिकारी के 6,093, सहायक समीक्षा अधिकारी के 1,386 और सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) के दो पदों के लिए 30 अभ्यर्थी शामिल हैं।
मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे uppsc.up.nic.in पर नियमित रूप से विजिट करते रहें ताकि किसी भी अपडेट से वे वंचित न रहें।अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची मुख्य परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें उम्मीदवारों की लेखन योग्यता, सामान्य ज्ञान और विषयगत समझ का मूल्यांकन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को राज्य सरकार के अधीन विभिन्न विभागों में तैनाती दी जाएगी।
समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (RO-ARO) प्रारंभिक परीक्षा पहले 11 फरवरी 2024 को कराई गई थी, लेकिन पेपर लीक के कारण इसे रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 27 जुलाई 2025 को परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी। और अब आयोग मुख्य परीक्षा की अगली तैयारी को अंतिम रूप दे चुका है।
