अमेरिका ने उ. कोरिया पर सख्त प्रतिबंधों की अपील की

वाशिंगटन। अमेरिका ने रूस, चीन समेत दुनिया के सभी देशों से उत्तर कोरिया द्वारा पूर्ण परमाणु निरस्त्रीकरण किए जाने तक उस पर सख्त प्रतिबंधों का दबाव बनाए रखने की अपील की है। अमेरिका की संयुक्त राष्ट्र में राजदूत निक्की हेली और अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पेओ ने शुक्रवार को अनौपचारिक रूप से संयुक्त राष्ट्र की सुरक्षा परिषद को संबोधित किया और इसके बाद दोनों नेताओं ने उत्तर कोरिया द्वारा परमाणु निरस्त्रीकरण के अपने वादे पर अभी तक कोई ठोस कदम न उठाने के बावजूद उस पर लगाए गए संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों का सख्ती से पालन न किए जाने की शिकायत की।


हेली ने पत्रकारों को कहा, वर्ष के पहले पांच महीनों में तेल प्रतिबंधों का 89 बार उल्लंघन किया गया। अमेरिका के पास उल्लंघन करने वाले सभी जहाजों के फोटोग्राफिक साक्ष्य हैं। हेली ने कहा कि इस सप्ताह उत्तर कोरिया को शोधित तेल उत्पाद भेजने पर रोक लगाने के अमेरिकी निर्णय का उसके निकट सहयोगी रूस और चीन ने विरोध किया। हेली ने कहा, हमने आज रूस और चीन पर दबाव डाला है कि वह उत्तर कोरिया को मदद करना बंद करें और उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण की प्रक्रिया को जारी रखने में हमारी सहायता करें।

अगर हम इसमें सफलता हासिल करना चाहते हैं तो हमें इस पर उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की ठोस कार्रवाई को देखना होगा और तब तक हमें अपना कड़ा रूख बरकरार रखना होगा। पोम्पेओ ने कहा कि उत्तर कोरिया को कोयला की तस्करी, कुछ देशों में उत्तर कोरिया के कर्मचारियों की उपस्थिति समेत सभी प्रतिबंधों के उल्लंघन को रोकना होगा। – एजेंसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *