ब्रिटिश नागरिक ओले जेंक्स और कनाडाई नागरिक सेठ स्कॉट ने एक पुरानी तीन पहियों वाली गाड़ी में सफर करते हुए एक निराला ही कीर्तिमान रच डाला है। इन दोस्तों ने पिछले महीने रिलायंट रॉबिन (Reliant Robin) में एक अनोखा सफर किया और अपनी इस यात्रा में लंदन से केप टाउन, साउथ अफ्रीका तक लगभग 14,000 मील की दूरी तय करने का रिकॉर्ड बना डाला।
इंटरनेशनल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सफ़र 22 देशों का था और 120 दिनों से ज़्यादा समय में पूरा हुआ। इस सफर को किलोमीटर में नापें तो यह दूरी 22,500 किलोमीटर होती है।
साथी यात्रियों ने इस गाड़ी का नाम ‘शीला’ (sheila) रखा था, जिसका इस्तेमाल इस लंबे सफ़र में किया गया, भले ही यह कमज़ोर बनावट के चलते बार-बार खराब हो रही थी। इस सफर में उन्हें कई खतरनाक इलाकों और हालात का सामना करना पड़ा। अलग-अलग जगहों पर गाड़ी के बार-बार खराब होने के बावजूद, लोकल लोगों और मैकेनिक की मदद से सफ़र जारी रहा।
शीला, चांदी के रंग की तीन पहियों वाली गाड़ी रिलायंट रॉबिन मॉडल की आखिरी गाड़ियों में से एक थी। इसे खास तौर पर इस एडवेंचर के लिए खरीदा गया था। जेंक्स और स्कॉट अक्टूबर में एक कैन में पेट्रोल और कुछ ज़रूरी सामान शीला की छोटी सी छत पर बांधकर निकल पड़े। उनके मन में बस एक उम्मीद थी कि वे किसी तरह दुनिया के दक्षिणी छोर पर बसे कि टाउन, साऊथ अफ्रीका तक पहुँच जाएँगे।
मुश्किलों के बावजूद, दोनों नौजवान रेगिस्तान, पहाड़ों और जंगलों से होते हुए अपनी मंज़िल तक पहुँचे। युवा दोस्तों का कहना है कि यह यात्रा ‘असंभव को संभव बनाने’ का एक उदाहरण है। यात्रा पूरी होने के बाद, कार को डिस्प्ले पर रखा गया, जबकि भविष्य में कार को म्यूज़ियम में ट्रांसफर करने की भी योजना है।
ब्रिटेन में रिलायंट रॉबिन कारों का एक खास ही रुतबा है। जेनक्स के शब्दों में, ये तीन-पहियों वाली बेहद साधारण गाड़ियां थीं, जिन्हें 1970 के दशक के ब्रिटेन में सिर्फ़ बाज़ार जाकर वापस आने के लिए डिज़ाइन किया गया था। 2000 के दशक की शुरुआत में इनका उत्पादन बंद हो गया था, लेकिन ब्रिटिश संस्कृति में इन्हें आज भी बहुत पसंद किया जाता है। खासकर तब से, जब बेहद लोकप्रिय सिटकॉम “Only Fools and Horses” में Trotter भाइयों की भरोसेमंद, लेकिन खटारा पीली वैन के तौर पर एक रिलायंट रॉबिन कार दिखाई दी थी।