वैज्ञानिक शरीर और मस्तिष्क के बीच उन परस्पर जुड़ी प्रक्रियाओं की जांच कर रहे हैं, जो अल्जाइमर रोग का कारण बन सकती हैं। ऐसा करके, उनका लक्ष्य इसके इलाज को विकसित करना और बेहतर बनाना है। वैज्ञानिक इस नतीजे पर पहुँच रहे हैं कि अल्जाइमर रोग केवल मस्तिष्क तक सीमित नहीं बल्कि यह शरीर के अन्य अंगों और प्रणालियों से जुड़ा हुआ है।
अल्जाइमर रोग और बढ़ती उम्र पर हुए शोध में शारीरिक स्वास्थ्य और मस्तिष्क स्वास्थ्य के बीच मजबूत संबंध पाए गए हैं। इन नए संबंधों को ‘न्यूरोसाइंस 2026’ में पेश किया गया। यह ‘सोसाइटी फॉर न्यूरोसाइंस’ की वार्षिक बैठक है, जो मस्तिष्क विज्ञान और स्वास्थ्य से जुड़ी नई जानकारियों का दुनिया का सबसे बड़ा स्रोत है।
न्यूज़ मेडिकल डॉट नेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, शोधकर्ता एक सदी से भी अधिक समय से अल्जाइमर रोग का अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन यह अभी भी एक लाइलाज बीमारी बनी हुई है। भारत में बुजुर्ग आबादी बढ़ने के साथ अल्जाइमर रोग और डिमेंशिया के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनमें से लगभग 60 से 75% मामलों का कारण अल्जाइमर होता है।
‘अल्जाइमर एसोसिएशन’ के अनुसार, यह 70 लाख से अधिक अमरीकियों को प्रभावित करती है और ‘विश्व स्वास्थ्य संगठन’ के अनुसार, दुनिया भर में 35 से 40 मिलियन लोग इससे प्रभावित हैं।
इस रिपोर्ट के हवाले से आज के नए निष्कर्ष बताते हैं-
प्रीक्लिनिकल अल्जाइमर रोग के एक मॉडल (चूहों पर किए गए प्रयोग) में, जिन चूहों को प्रोबायोटिक और प्रीबायोटिक सप्लीमेंट दिए गए, उनमें सीखने और याद रखने की शुरुआती कमियां नहीं देखी गईं। इससे संकेत मिलता है कि आंतों के बैक्टीरिया में होने वाले बदलाव अल्जाइमर रोग की शुरुआती प्रगति को प्रभावित कर सकते हैं। (की युआन, मेमोरियल यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूफाउंडलैंड)
‘लॉन्ग कोविड’ (Long COVID) के मरीजों में “लीकी गट” (leaky gut – आंतों से जुड़ी समस्या) के लक्षण देखे गए, जिनका संबंध रक्त में एमाइलॉयड (amyloid) के उच्च स्तर से था। इससे यह संकेत मिलता है कि अल्जाइमर रोग के बढ़ते जोखिम में ‘गट माइक्रोबायोम’ (आंतों के सूक्ष्मजीव) की भूमिका हो सकती है। (आंद्रेई वाख्तिन, यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको)
आगे बताया गया कि बुजुर्गों में- यहां तक कि स्वस्थ बुजुर्गों में भी मस्तिष्क से अपशिष्ट (waste) को बाहर निकालने की प्रणाली कम प्रभावी पाई गई, जिसका संबंध सोचने-समझने की क्षमता (cognitive function) में कमी से था। (बार्ट रिपमा, यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट डलास)
अल्जाइमर रोग से जान गंवाने वाले मरीजों के मस्तिष्क के गहरे ऊतकों में, रक्त वाहिकाओं के अंदर या आसपास प्लास्टिक जैसे कण पाए गए। इससे पता चलता है कि ये कण रक्त वाहिकाओं में रक्तस्राव (hemorrhage) या सूजन (inflammation) का खतरा बढ़ा सकते हैं। (इलेन बीयरर, यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मैक्सिको)
“न्यूरोसाइंस 2026 में पेश किया गया शोध, आंतों, रक्त वाहिकाओं और मस्तिष्क की ‘प्लमिंग प्रणाली’ (यानी ग्लिम्फैटिक सिस्टम) के योगदान के बारे में बेहद महत्वपूर्ण और नई जानकारियां सामने लाता है। इस ग्लिम्फैटिक सिस्टम की खोज नेडरगार्ड और उनकी टीम ने 2012 में की थी।”
यूनिवर्सिटी ऑफ रोचेस्टर मेडिकल सेंटर के ‘सेंटर फॉर ट्रांसलेशनल न्यूरोमेडिसिन’ की सह-निदेशक, कोपेनहेगन विश्वविद्यालय की प्रोफेसर और प्रेस कॉन्फ्रेंस की मॉडरेटर, माइकेन नेडरगार्ड ने कहा, “शरीर की कई अलग-अलग प्रणालियां अल्जाइमर रोग में योगदान दे सकती हैं।”
न्यूज़ मेडिकल के मुताबिक़, हालिया वैज्ञानिक शोधों, विशेष रूप से सोसायटी फॉर न्यूरोसाइंस (Neuroscience 2026) में प्रस्तुत अध्ययनों ने पुष्टि की है कि अल्जाइमर रोग (Alzheimer’s Disease) केवल मस्तिष्क तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के अन्य अंगों और प्रणालियों से गहराई से जुड़ा हुआ है। इसमें जैसे पाचन तंत्र, हृदय और रक्त वाहिकाएं भी आती हैं।