दीपोत्सव 2025 ने अयोध्या का नाम विश्व रिकॉर्ड में दर्ज करा दिया है। रविवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स प्रमाणपत्र के अधिकारी बन गए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोनों विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र सौंपा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दीपोत्सव भारत की संस्कृति, आस्था और एकता का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक क्षण ने एक बार फिर अयोध्या की पहचान को वैश्विक मंच पर उजागर किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिलने वाले दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रमाणपत्र में पहला रिकॉर्ड सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ ‘दीपक परिक्रमा’ करने का बना, जबकि दूसरा रिकॉर्ड 2,617,215 दीये एक साथ जलाने का बना। इस अवसर पर एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा दीप जलाने और 26 लाख 17 हजार 215 तेल के दीयों के भव्य प्रदर्शन के लिए अयोध्या का नाम फिर से विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अयोध्या दीपोत्सव में सरयू नदी के 56 घाटों पर 26 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किए गए। राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के 32 हजार वॉलंटियर इन दीपों से रामनगरी को रोशन करने के काम में शामिल रहे। अयोध्या दीपोत्सव की शुरुआत 2017 में सीएम योगी ने की थी और इस बार यह 9वां संस्करण था। यहाँ पहले संस्करण में 1.71 लाख दीप प्रज्ज्वलित हुए थे, इस बार यह संख्या 26 लाख से ज्यादा रही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचक हेलीकॉप्टर से पुष्पक विमान बनाई गई सवारी से आने वाले राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूपों का रामकथा पार्क हेलीपैड में अगवानी की। यहां राम जानकी की वंदना और भरत मिलाप हुआ। सीएम योगी ने रामकथा पार्क के मंच पर श्रीराम का राजतिलक किया।
सरयू नदी के तट पर जगमगाते इन दीयों की चमक से पूरी अयोध्या झिलमिला गई।इस उपलब्धि के श्रेय में उत्तर प्रदेश टूरिज़्म डिपार्टमेंट के साथ अयोध्या डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन का साझा प्रयास सराहनीय रहा। इस मनोरम और दुर्लभ दृश्य को देखने के लिए दूर-दूर से लोग यहाँ पहुंचे। दीपोत्सव के बाद यहां भव्य आतिशबाजी और ड्रोन शो भी हुआ।













