आज का दिन दुनियाभर में विश्व पर्यटन दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) की पहल पर 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जाता है, इसे पहली बार 1980 में मनाया गया था। इस वर्ष 2025 की थीम “पर्यटन और सतत परिवर्तन” है।

पर्यटन के प्रकार की बात करें तो भारत में धार्मिक, सांस्कृतिक, साहसिक, इको-टूरिज्म, स्वास्थ्य, व्यावसायिक, वन्यजीव, विरासत और कृषि पर्यटन हैं। ये पर्यटन भारत की विविध विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक अनुभवों का अनुभव करने के लिए विभिन्न प्रकार के अवसर प्रदान करते हैं। कोविड में सबसे ज़्यादा प्रभावित होने वाले इस उद्योग ने एक बार फिर से रफ़्तार पकड़ ली है। साल 2021 में 15.27 लाख विदेशी पर्यटक आगमन (एफटीए) के बाद 2024 में यह संख्या 99.52 लाख हो गई है।
भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान का मुख्यालय ग्वालियर में है। भारतीय पर्यटन और यात्रा प्रबंधन संस्थान एक स्वायत्त निकाय है जो पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आता है।
भारत में आगरा स्थित ताजमहल सर्वाधिक देखे जाने वाले पर्यटन स्थलों में से एक है।इस वित्तीय वर्ष 2023-24 में ताज महल ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अंतर्गत आने वाले स्मारकों में सबसे ज़्यादा कमाई की, जो 98.55 करोड़ रूपये है। इसके बाद कुतुब मीनार, लाल किला, आगरा किला और कोणार्क सूर्य मंदिर की कमाई रही।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अंतर्गत आने वाले इन स्मारकों की कमाई की विस्तृत जानकारी इस प्रकार है-
ताज महल: इसने सबसे अधिक 98.55 करोड़/- का राजस्व अर्जित किया और एएसआई के अंतर्गत आने वाले सभी स्मारकों में शीर्ष पर रहा।
कुतुब मीनार: इसने 23.80/- करोड़ की कमाई के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।
लाल किला: 18.09/- करोड़ की कमाई के साथ यह सूची में तीसरे स्थान पर रहा।
आगरा किला: 15.27/- करोड़ की कमाई के साथ चौथे स्थान पर रहा।
कोणार्क सूर्य मंदिर: 12.66 करोड़ की कमाई के साथ इसने पाँचवां स्थान प्राप्त किया।
इस वर्ष के आंकड़े बताते हैं कि 2025 के अगस्त तक एफटीए 56 लाख और घरेलू पर्यटक यात्राएं 303.59 करोड़ तक पहुंच गईं। इस बीच चिकित्सा पर्यटन में भी उछाल आया है। अप्रैल 2025 तक 1,31,856 विदेशी मरीज आए, जो कुल एफटीए का 4.1% है। जून 2025 तक इनबाउंड पर्यटन 16.5 लाख और आउटबाउंड 84.4 लाख यात्रियों पर पहुंचा, जिससे 51,532 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा आय हुई।
सरकार द्वारा उत्सव पोर्टल के माध्यम से फेस्टिवल टूरिज्म को बढ़ावा मिला है। इसके माध्यम से फेस्टिवल और लाइव दर्शन को हाइलाइट किया जाता है। एडवेंचर टूरिज्म के लिए 120 नए पर्वत शिखर खोले गए। “इंडिया सेज आई डू” और “वेड इन इंडिया” कैंपेन भारत को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन बना रहे हैं।
इसी तरह से क्रूज भारत मिशन के तहत 2024-25 में रिवर क्रूज को 19.4% बढ़ावा मिला है। इसके अलावा 2027 तक 14 राज्यों में 51 नए सर्किट प्रस्तावित हैं। “हील इन इंडिया” पहल आयुर्वेद और योग के साथ चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, जो भारत को किफायती स्वास्थ्य देखभाल का केंद्र बना रहा है।











