इस वजह से है दुनिया में नंबर एक दिल्ली हवाई अड्डा

नई दिल्ली। दिल्ली हवाई अड्डा सेवा गुणवत्ता के मामले में दुनिया के सबसे बड़े हवाई अड्डों में नंबर एक बन गया है। हवाई अड्डों की रैंकिंग तय करने वाली अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल ने चार करोड़ से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही वाली श्रेणी में उसे 2017 के लिए इस खिताब से नवाजा है।

दिल्ली हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाली कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या पिछले साल पहली बार छह करोड़ के पार हो गयी। छह करोड़ 35 लाख यात्रियों ने पिछले साल दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरी या यहाँ उतरे और इस मामले में यह दुनिया का सातवाँ सबसे बड़ा हवाई अड्डा रहा।

 

डायल जीएमआर समूह और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की संयुक्त उपक्रम वाली कंपनी है। जीएमआर समूह के अध्यक्ष (हवाई अड्डा) श्रीनिवास बोमिडाला ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा यात्री की सालाना आवाजाही तेजी से बढऩे के मद्देनजर हम हवाई अड्डे के सभी हितधारकों से मजबूत सहयोग की उम्मीद करते हैं।

 

हम दिल्ली हवाई अड्डे के विस्तार का काम शुरू कर रहे हैं। इससे आधारभूत ढाँचों के विकास के साथ यात्रियों का अनुभव भी और सुखद होगा। डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आई. प्रभाकर राव ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, नागर विमानन महानिदेशालय, एटीसी और अन्य सरकारी एजेंसियों को भी जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *