बर्फबारी व बारिश के चलते अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत

प्रदेश सहित राजधानी लखनऊ में ठंड के साथ बारिश का भी माहौल बन गया है। आस पास के इलाकों में सुबह होने वाली हल्की बूंदाबांदी से कोहरा घटा है मगर सर्दी से राहत मिलती नज़र नहीं आ रही है।

बर्फबारी व बारिश के चलते अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत

उत्तर भारत की इस हाड़ कंपाने वाली ठंड ने अधिकतर इलाक़ों में जैसे जीवन रोक सा दिया है। अस्त व्यस्त जनजीवन ने लोगों का जीना कठिन कर दिया है। जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग ने घना कोहरा, बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते अभी ऐसा मौसम बने रहने के आसार भी जताए हैं।

लखनऊ में बीते कई दिनों से सुबह और शाम में पानी की फुहारे गिरने का सिलसिला बना हुआ है। लखनऊ के आसमान में बादल और सुबह होने वाली हल्की बूंदाबांदी से कोहरे और धुंध से कुछ राहत मिली है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलेगी हालाँकि आज दोपहर में हल्की धूप निकलने के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, पंजाब, बिहार में शीतलहर जारी रहने की खबर है। उत्तर प्रदेश, बिहार के कुछ जिलों, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति है। जबकि मध्य प्रदेश, असम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में मेरठ सबसे ठंडा शहर रहा जहाँ न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहाँ अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे के चलते प्रदेश भर का ज़मीनी और हवाई यातायात अस्त व्यस्त है। ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले अपडेट लेने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 140-150 नॉट की ‘जेट स्ट्रीम विंड्स’ चल रही है। बुधवार को उत्तराखंड सहित जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *