उत्तर भारत के लोगों को कड़ाके की ठंड ने किया बेहाल

कोहरे और शीतलहर के साथ समूचा उत्तर भारत कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहा है। कल और आज होने वाली बारिश ने सर्दी में इज़ाफ़ा किया है।

उत्तर भारत के लोगों को कड़ाके की ठंड ने किया बेहाल

गुरुवार को कई जगह हुई बारिश ने लोगों की मुसीबत को और बढ़ा दिया है। प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर ने आगरा, मथुरा, हाथरस को बेहद ठंडा बना दिया है।

मौसम विभाग के मुताबिक़, आज प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कई जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई है। इसके अलावा कई स्थानों पर घने कोहरे के कारण लोगों ने घर पर रहना पसंद किया है।

देश की राजधानी सहित उत्तर भारत के ज़्यादातर भागों में तापमान 7 डिग्री से नीचे चला गया है। यहाँ लोग कड़ाके की ठंड से बचने के लिए अलाव की मदद ले रहे हैं।

घने कोहरे के कारण विमान और ट्रेन संचालन पर असर पड़ा है। गुरुवार को दिल्ली आने वाली तकरीबन 26 ट्रेनें देरी से चल रही थीं। साथ ही कोहरे से विमानों के संचालन पर असर पड़ा और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग का कहना है कि 10 जनवरी तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक का इज़ाफ़ा हो सकता है। अधिकतम बढ़ने की दशा में पारा 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में लोग ठिठुरन झेलने को मजबूर हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक़ आगामी 3 से 4 दिनों तक उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान मौसम के सामान्य तापमान से 4.5 – 6.4 डिग्री नीचे गिर जाने पर ठंडा दिन घोषित किया जाता है। सामान्य तापमान से 6.5 डिग्री कम होने पर गंभीर ठंडा दिन घोषित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *