यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की सर्वे रिपोर्ट बताती है कि करीब 150 किमी तक मेट्रो विस्तार के साथ 10 नए कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है।
आने वाले समय में लखनऊ मेट्रो के नेटवर्क को बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की सर्वे रिपोर्ट की मानें तो, मेट्रो नेटवर्क का करीब 150 किलोमीटर तक विस्तार प्रस्तावित है। इस विस्तार से न सिर्फ शहरी कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यूपीएमआरसी ने सर्वे पूरा कर रिपोर्ट शासन को सौंप दी है और अब जल्द ही इन कॉरिडोर का डीपीआर यानी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार होगी। आने वाले एक दशक में लखनऊ मेट्रो राजधानी के दायरे से निकलकर समीप के क्षेत्रों तक अपनी पहुंच बढ़ाने जा रही है। इस विस्तार योजना के तहत 7 से 10 नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। लखनऊ के अधिकतर हिस्सों के साथ-साथ बाराबंकी तक मेट्रो कनेक्टिविटी देने की तैयारी है।
यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने शासन के निर्देश पर मेट्रो विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने के लिए शहर के प्रमुख रूटों का विस्तृत सर्वे कराया है। इस सर्वे के आधार पर बनी रिपोर्ट पिछले सप्ताह ही शासन को भेज दी गई है। इस रिपोर्ट में अलग-अलग मार्गों पर 7 से 10 कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसका विस्तार करीब 150 किलोमीटर तक फैला होगा।
सर्वे के दौरान सबसे ज़्यादा महत्व इस बात पर दिया गया है कि मेट्रो शुरू होने के बाद किस रूट पर सबसे ज्यादा यात्रियों की आवाजाही होगी। यूपीएमआरसी द्वारा सेकंड फेज के बाद जिन 10 कॉरिडोर को प्राथमिकता पर तैयार किया है, उनका चयन संभावित यात्री संख्या के आधार पर किया गया है।
प्राथमिकता के आधार पर सबसे अधिक व्यस्त और व्यवहारिक रूट अयोध्या रोड और चारबाग से पीजीआई तक पाया गया है। उम्मीद है कि इन कॉरिडोर को शुरुआती चरण में प्राथमिकता दी जाएगी। यूपीएमआरसी की रिपोर्ट के अनुसार, इकाना स्टेडियम सहित तेलीबाग, पीजीआई, राजाजीपुरम, आईआईएम रोड और आसपास के इलाकों में भी मेट्रो विस्तार का प्रस्ताव शामिल है। इन क्षेत्रों में आबादी और यात्री संख्या को देखते हुए इन्हें संभावित प्राथमिक रूट के तौर पर चिह्नित किया गया है।
प्रस्ताव के अनुसार, लखनऊ और बाराबंकी के मध्य यातायात को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। इसके लिए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से मुंशी पुलिया तक चलने वाली मौजूदा मेट्रो लाइन को अयोध्या रोड स्थित पॉलिटेक्निक चौराहा, कमता चौराहा, मटियारी और अनौराकला होते हुए बाराबंकी तक जोड़ने की योजना है।