आज हो रही है इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की पहली बैठक

विपक्षी इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की पहली बैठक आज हो रही है। यह 14 सदस्यीय बैठक नई दिल्ली में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आवास पर शाम में होगी।

आज हो रही है इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की पहली बैठक

समन्वय समिति की पहली बैठक में सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे और लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा किये जाने की संभावना है।

समिति के सदस्य और आप सांसद राघव चड्ढा ने इस बैठक से पहले गठबंधन को सफल बनाने के लिए हर राजनीतिक दल को महत्वाकांक्षा, मतभेद और मनभेद का त्याग करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि लोगों तक पहुंचने, संयुक्त रैलियों की योजना बनाने और घर-घर अभियान चलाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।


विपक्षी इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की पहली बैठक में सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।


 विपक्ष लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के खिलाफ एक संयुक्त उम्मीदवार खड़ा करना चाहती है, ऐसे में कई विपक्षी दलों के नेताओं के साथ सीट बंटवारे के फार्मूले को अमल में लाया जाएगा।

शाम में होने वाली इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी शामिल नहीं होंगे। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें आज पेश होने के लिए बुलाया है।

सीपीएम भी इस बैठक में भाग नहीं ले रही है, दरअसल उसने अभी तक समिति के लिए किसी सदस्य को नामित नहीं किया है।

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी स्वास्थ्य खराब होने के चलते इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे। उनके स्थान पर जेडीयू नेता और बिहार के मंत्री संजय कुमार झा बैठक में शिरकत करेंगे।

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी मंगलवार की शाम बैठक से पहले मुंबई में एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच लगभग 90 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान एनसीपी नेता जयंत पाटिल और शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत भी बैठक में मौजूद थे। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि इस मुलाकात में इंडिया गठबंधन के समन्वय पैनल की बैठक और महाराष्ट्र की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई।

इंडिया गठबंधन की समन्वय समिति की बैठक के बारे में एनसीपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने बताया कि बैठक में बहुत सारे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें संसद के विशेष सत्र पर भी चर्चा की जाएगी।

राष्ट्रीय प्रवक्ता क्रैस्टो ने यह भी बताया कि सात सीटों पर हुए उपचुनाव में विपक्षी गठबंधन का बहुत अच्छा प्रदर्शन रहा है। इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ एकजुट हो रहा है और आने वाले समय में हम और भी सीटें जीतेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *