एक और नई राजनीतिक पार्टी ‘स्वराज इंडिया’ का ऐलान

नई दिल्ली। आप से निष्कासित होने के बाद स्वराज अभियान के जरिए विभिन्न मुद्दों पर जनांदोलन खड़ा करने के बाद सर्वसम्मति से राजनीतिक पार्टी बनाने का फैसला लिया गया है। स्वराज अभियान के अध्यक्ष प्रशांत भूषण ने ‘स्वराज इंडिया’ नामक नई पार्टी का ऐलान किया है। swaraj india

योगेंद्र यादव को इस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय महासचिव अजित झा और मार्ग दर्शक एवं सलाहकार प्रो। आनंद कुमार को बनाया गया है। सोमवार को निर्वाचन आयोग में आवेदन दाखिल कर दिया जाएगा। अब यह तय हो गया कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में आप और स्वराज इंडिया का पहली बार मुकाबला होगा।

swaraj-india-party

गौरतलब है कि आप से निष्कासित होने के बाद ही यह तय हो गया था कि योगेंद्र यादव व प्रशांत भूषण अपने दम पर राजनीतिक दल खड़ा कर अरविंद केजरीवाल को देर-सबेर सबक सिखाएंगे।

रविवार को पार्टी के स्थापना अधिवेशन में लगभग सभी राज्यों के 400 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेते हुए एक स्वर से पार्टी लांच की घोषणा की। सदस्यों ने कहा कि हम सभी लोग स्वराज इंडिया के विजन और मिशन के लिए संघर्ष करने का संकल्प लेते हैं।

पार्टी के प्रथम संस्थापक सदस्य के रूप में पहला हस्ताक्षर पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री शांति भूषण ने किए। अधिवेशन में शांति भूषण ने कहा कि नई राजनीतिक पार्टी विभाजनकारी और भ्रष्ट राजनीतिक पार्टियों का सामना करेगी और देश में सच्चा स्वराज लाएगी।

स्वराज अभियान के अध्यक्ष प्रशांत भूषण ने कहा कि अभियान गैर राजनीतिक कैंपेन जारी रखेगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार और सरकारी संस्थाएं जनता की मर्जी से काम करें और जनहित में निर्णय लिए जाएं। उन्होंने कहा कि स्वराज इंडिया और स्वराज अभियान दोनों की कार्यकारिणी अलग होगी।

प्रशांत भूषण ने स्वराज इंडिया में कोई कार्यकारी का पद नहीं लिया है, लेकिन वह इसके संस्थापक सदस्य रहेंगे। बहरहाल आज स्वराज इंडिया का ऐलान होते ही सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय का उद्घोष किया। स्वराज इंडिया के मनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने बस इतना ही कहा कि चुनौती बड़ी है। संघर्ष करना होगा। लोग ठगे गए हैं, उनको विश्वास में लेना होगा।

# swaraj india

http://www.naqeebnews.com

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *