महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ जयपुर में प्रदेश कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च

जयपुर 17 जुलाई : राजस्थान में कांग्रेस ने राजधानी जयपुर में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में बढ़ती महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ आज पैदल मार्च निकाला।

महंगाई को लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ जयपुर में प्रदेश कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च

पेट्रोल एवं डीजल तथा रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर केन्द्र सरकार का ध्यान आकृषित करने के लिए महंगाई के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस द्वारा राज्य में शुरु किए गये अभियान के आज आखिरी दिन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शहीद स्मारक तक पैदल मार्च निकाला गया जिनमें श्री डोटासरा के अलावा ऊर्जा मंत्री बी डी कल्ला, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, चिकित्सा राज्य मंत्री डा सुभाष गर्ग, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी तथा अन्य कई कांग्रेसी नेता और पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मार्च के शहीद स्मारक पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने सभा की।

श्री डोटासरा ने अपने संबोधन में केन्द्र सरकार की मोदी सरकार पर जनता से किए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस कारण देश में महंगाई एवं बेराजेगारी बढ़ रही है तथा किसानों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी हमेशा कहते हैं कि डरने की जरुरत नहीं हैं और आवाज बुलंद करो। इसलिए हम महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ चलाये गये अभियान का आखिरी दिन का मतलब यह नहीं हैं कि महंगाई को लेकर उनका अभियान समाप्त हो गया। अभी तो इसे लेकर गांव गांव एवं ढ़ाणी ढ़ाणी में जाकर लोगों को जगाया जायेगा और मोदी सरकार का सूपड़ा साफ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को निकम्मी सरकार करार देते हुए कहा कि प्रदेश में गहलोत सरकार किसानों के खातों में एक हजार रुपए डालने का काम कर रही है वहीं मोदी सरकार किसानों को गुंडा बता रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लाेग गांव गांव एवं ढ़ाणी-ढ़ाणी जाकर मोदी सरकार को महंगाई कम करने के लिए मजबूर कर देंगे।

इस अवसर पर श्री कल्ला ने कहा कि केन्द्र सरकार को आसमान छू रही महंगाई से जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतें आधी हो जाने के बाद भी पेट्रोल एवं डीजल के भाव केन्द्र सरकार कम नहीं कर रही है जबकि आये दिन बढ़ाये जा रही है। उसे पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के दाम करने चाहिए। श्री खाचरियावास एवं श्री जोशी ने भी सभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *