श्रीनगर मुठभेड़: दो आतंकवादी मारे गये, दो जवान घायल

श्रीनगर, 16 जुलाई : जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान दो अज्ञात आतंकवादी मारे गये और दो जवान घायल हो गये।

श्रीनगर मुठभेड़: दो आतंकवादी मारे गये, दो जवान घायल

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) ने संयुक्त रूप से आज तड़के श्रीनगर के आलमदार कॉलोनी दानमार में घेराबंदी एवं तलाश अभियान शुरू किया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के जवान जब सभी निकास बिंदुओं को बंद करने के बाद एक विशेष क्षेत्र की तरफ बढ़ रहे थे, तो वहां छिपे आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कारवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई।

कानून-व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो अज्ञात आतंकवादी मारे गये और सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गये। घायल जवानों को सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।

इस बीच कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि घाटी में पिछले करीब सात महीनों के दौरान सुरक्षा बलों के साथ विभिन्न मुठभेड़ों में लश्कर-ए-तैयबा के 39 आतंकवादी समेत 78 आतंकवादी मारे गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *