मोदी के गढ़ वाराणसी में सोनिया गांधी का रोड शो

वाराणसी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कल यहां पार्टी द्वारा आयोजित एक रोड शो का नेतृत्व करने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर और गुलाम नबी आजाद, सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, प्रमोद तिवारी, रीता बहुगुणा जोशी, जफर अली, संजय सिंह, राणा गोस्वामी, राजेश मिश्रा, अजय राय, राजेशपति त्रिपाठी जैसे वरिष्ठ नेता इसमें भाग लेंगे।

Sonia-Gandhi-31

भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को पार्टी नेताओं द्वारा माला पहनाए जाने के बाद दोपहर 12 बजे कचहरी से रोड शो शुरू होगा और तीन घंटों में यह 6.4 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। सोनिया गांधी तय कार्यक्रम के मुताबिक वे पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगभग साढ़े सात घंटे गुजारेंगी।

मंगलवार की सुबह 11 बजे सोनिया वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस जाएंगी। इससे पहले लगभग 10 हजार बाइक सवार राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले में शामिल होंगे और सर्किट हाउस पर लंच ब्रेक होगा। 1 बजे से 6.4 किमी का रोड शो शुरू होगा और कचहरी होते हुए अंधरापुल चौकाघाट, अलइपुर, पीली कोठी, गोलगद्दा विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, कबीरचौरा, लहुराबीर, मलदहिया, इंग्लिशियालाइन तक रोड शो पहुंचेगा। जहां सोनिया गांधी कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ लोगों को पांच मिनट के लिए संबोधित करेंगी।

सोनिया के रोड शो का कार्यक्रम दोपहर 3 बजे समाप्त हो जाएगा। यहां से उनकी सर्किट हाउस वापसी होगी। सर्किट हाउस में करीब 1 घंटे 10 मिनट आराम के बाद वे शाम 5 बजकर 45 मिनट पर काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगी। शाम 6 बजे मंदिर पहुंच जाएंगी और दर्शन पूजन के बाद वहीं से एयरपोर्ट रवाना होंगी। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक सोनिया गांधी का रोड शो पार्टी के ‘27 साल, यूपी बेहाल’ अभियान का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *