हर साल अलग-अलग संस्थाएँ उस वर्ष को दर्शाने वाला एक शब्द चुनती हैं। इस बार Dictionary.com द्वारा 2025 के लिए चुने गए शब्द ने सभी को चौंका दिया है।

Dictionary.com ने इस वर्ष के लिए ’67’ चुना है। इसे सड़सठ नहीं, बल्कि अलग-अलग 6 और 7 के रूप में पढ़ा जाता है। यह शब्द है ‘6-7’, जो इंटरनेट यूजर्स के मध्य जानबूझकर इस्तेमाल की जाने वाली बेतुकी और बेमानी भाषा की लोकप्रियता के बारे में बताता है। आइए, विस्तार से जानते हैं इसके बारे में।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह जनरेशन अल्फा (2010 और 2024 के बीच जन्मे लोग) की बोली का एक ऐसा शब्द है जिसकी व्याख्या करना लगभग असंभव है, और इस शब्द के चयन ने माता-पिता और शिक्षकों को परेशान कर दिया है।
Dictionary.com के अनुसार, यह शब्द संभवतः अमरीकी रैपर स्क्रीलेक्स के गाने ‘डूट डूट (6-7)’ के शीर्षक से लिया गया है, जो टिकटॉक पर वायरल होने के बाद आज के बच्चों की बोलचाल का हिस्सा बन गया।
दो अंकों से मिलकर बने शब्द का चयन इस बात का संकेत है कि इंटरनेट युग में बच्चे भाषा को किस तरह प्रभावित कर रहे हैं। Dictionary.com के अनुसार, “6-7” इस साल की ऑनलाइन संस्कृति और सोशल मीडिया की सोच को बखूबी दर्शाता है। यह शब्द नहीं, बल्कि एक तरह की मजाकिया फीलिंग के साथ इंटरनेट मीम भी है, जिसे समझना आसान नहीं, बल्कि देखा जाए तो इसे इस्तेमाल करना बेहद मजेदार है।
Dictionary.com के अनुसार, इस शब्द का अर्थ है ‘न अच्छा, न बुरा’ या ‘शायद यह, शायद वह’। वे मानते हैं कि इस शब्द की असली ताकत इसकी अस्पष्टता, इसकी उद्देश्यहीनता और अबोधगम्यता में निहित है। फिर भी, यह शब्द हास्य और इंटरनेट के माध्यम से एक पीढ़ी को जोड़ रहा है।












