शिवसेना का बड़ा दावा, अगले 25 वर्ष तक कोई भी नहीं कर सकता मोदी का मुकाबला

मुंबई। भाजपा नीत राजग को लोकसभा चुनाव मतगणना रुझान में प्रचंड बढ़त के बीच शिवसेना ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की और कहा कि कोई भी अगले 25 वर्षों तक उन्हें चुनौती नहीं दे पाएगा। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि इस बार की राजग की जीत 2014 से बड़ी है।


शिवेसना सांसद ने कहा कि जनता ने उन विपक्षी दलों को करारा जवाब दिया है, जो मोदी के खिलाफ राफेल लड़ाकू विमान सौदे जैसे मुद्दों को लेकर ‘भ्रम का एक वातावरण’ बनाने का प्रयास कर रहे थे। उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना पिछले 5 वर्ष के दौरान अकसर भाजपा की आलोचना करती रही लेकिन लोकसभा चुनाव में वह साथ में मैदान में उतरी। उन्होंने कहा कि पूरा देश मोदीमय हो गया है।

राउत ने कहा कि सच्चाई स्वीकार करनी पड़ेगी कि कोई भी मोदी का मुकाबला नहीं कर पाएगा। आज जनादेश ऐसा है कि अगले 25 वर्षों तक कोई भी (मोदी का) मुकाबला नहीं कर पाएगा। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि भाजपा नीत राजग राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, जहां कांग्रेस ने पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी।

उन्होंने कहा कि देश ने फिर से अगले 5 वर्ष के लिए नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भरोसा जताया है। वे अगले 5 वर्षों में देश को और आगे ले जाएंगे। राउत ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्षी दल जरूरी होते हैं, लेकिन उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए कि लोगों ने उन्हें क्यों खारिज कर दिया?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *