प्रशिक्षण तथा रोजगार के लिए प्रदेश भर में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी ने सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर लखनऊ में 1,725 करोड़ रुपए की ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री ने लोकभवन में घोषणा की कि पहले चरण में लखनऊ सहित गोरखपुर, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में इन केंद्रों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर प्रदेश के प्रत्येक जिले तक योजना का विस्तार होगा।

खबर के मुताबिक़, सरदार वल्लभभाई पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनेंगे। इन केंद्रों पर युवाओं का पंजीकरण, उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार की व्यवस्था एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। इसके साथ ही विदेशों में नौकरी के इच्छुक युवाओं को संबंधित देश की भाषा और आवश्यक कौशल का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गौतमबुद्धनगर में यमुना प्राधिकरण यह केंद्र विकसित कर रहा है और टाटा जैसी संस्था उससे जुड़ चुकी है। उनके मुताबिक़, गोरखपुर में गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी इस पहल से जुड़ा है।

उन्होंने बताया कि कोई युवा हाईस्कूल पास है और काम चाहता है तो केंद्र पर उसका पंजीकरण होगा। उसकी रुचि के अनुसार, स्किलिंग होगी और फिर किसी संस्थान, फैक्ट्री अथवा अन्य क्षेत्र में प्लेसमेंट कराया जाएगा। नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त युवा जापान या जर्मनी जाना चाहता है तो उसे संबंधित देश की भाषा सिखाई जाएगी। संबंधित दूतावास के सहयोग से जरूरत के हिसाब से प्रशिक्षण देकर रोजगार की व्यवस्था होगी। युवा के अलावा अधिक उम्र का व्यक्ति भी रोजगार हेतु एम्प्लॉयमेंट जोन में जा सकेगा।

प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लेलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक, मिंडा और अवाडा जैसी संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं।

सीएम युवा योजना से स्वरोजगार
जॉब कार्ड प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री सीएम युवा योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त सहायता तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख किया। आगे उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा एक साथ दो डिग्री अथवा पाठ्यक्रमों से जुड़ने की व्यवस्था की बात कही। युवा कॉलेज की पढ़ाई के साथ कौशल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही प्रतिदिन कुछ घंटे स्किलिंग के लिए निकालकर अपने रोजगार की संभावनाएं बढ़ा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *