मुंबई में फुट ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए सचिन तेंदुलकर ने दो करोड़ रुपये दिए

मुंबई: मुंबई में फुट ओवरब्रिज की मरम्मत के लिए सचिन तेंदुलकर ने दो करोड़ रुपये दिए. एलफिंस्टन रोड स्टेशन फुट ओवरब्रिज पर मची भगदड़ की दर्दनाक घटना के बाद क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर ने अपने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से दो करोड़ रुपये मुंबई में रेल फुट ओवरब्रिजों की मरम्मत के लिए दिए है. तेंदुलकर ने रेल मंत्री पीयूष गोयल को एक खत में कहा है कि वह मुंबई उपनगरीय जिला कलेक्टर से निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की राशि रखने के लिए कहा है.
बता दें कि 29 सितंबर को भारी बारिश के दौरान एलफिंस्टन रोड और परेल उपनगरीय स्टेशनों को जोड़ने वाले एक संकीर्ण फुट ओवरब्रिज पर मची भगदड़ में 23 लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद सरकार ने फुट ओवरब्रिजों की मरम्मत के लिए नए आदेश जारी किए थे. इसी क्रम में क्रिकेटर सचिन भी आगे आए हैं.
तेंदुलकर ने रेल मंत्री को लिखे खत में लिखा है कि पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे को एक-एक करोड़ रुपये की राशि उनकी एमपीएलएडीएस निधि से रेलवे फुट ओवर ब्रिज के तत्काल मरम्मत के लिए आवंटित की जाएगी.
तेंदुलकर ने लिखा है, ‘ हाल ही में पश्चिमी रेलवे के एलफिंस्टन रोड स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना में निर्दोष लोगों की मौत हुई जो कि काफी दिल दुखाने वाला था और मैं मुंबई के लोगों के लिए इस सेवा में सुधार के लिए तत्काल मदद देता हूं.’
उन्होंने पत्र में लिखा कि हादसे में प्रभावित लोगों के परिवार के लिए यह दिवाली खुशियों वाली नहीं थी. भारत के किसी क्षेत्र में ऐसा न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए भारत के जिम्मेदार नागरिक के तौर पर हम वह सभी कुछ करेंगे जो कर सकते हैं. खिलाड़ी ने कहा है कि उन्होंने रेल मंत्री, रेल बोर्ड और जोन के प्रमुखों को उपनगरीय सेवाओं के लिए अलग स्वतंत्र रूप से दो जो जोन बनाने की संभावना का अध्ययन करने को कहा है.
प्रत्येक साल सांसदों को एमपीएलएडी योजना के तहत पांच करोड़ की राशि आवंटित की जाती है. यह राशि मुख्य तौर पर सांसदों को अपने क्षेत्र में निर्माण कार्य कराने के लिए दिया जाता है.

 

 

http://www.naqeebnews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *