विश्व स्वास्थ्य संगठन ने देशों की सरकारों से चीनी युक्त पेय और शराब पर टैक्स बढ़ाने का आग्रह किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अधिकांश देशों में ये पेय बहुत आसानी से और कम क़ीमत में उपलब्ध होने से मोटापा, मधुमेह और कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं।

इन पदार्थों पर अनेक क्षेत्रों में कर की दर बेहद कम होने की रिपोर्ट मिली है। डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेबरेयेसस ने पत्रकारों को बताया कि “स्वास्थ्य कर लगाकर, इन हानिकारक उत्पादों की खपत कम होती है, जिससे रोगों की रोकथाम में मदद मिलती है और स्वास्थ्य प्रणाली पर दबाव कम होता है।
जेनेवा में उन्होंने कहा कि ये कर, देशों की सरकारों के लिए आय के स्रोत भी बनते हैं, जिसका इस्तेमाल वे स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा में निवेश करने के लिए कर सकती हैं।
एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक़, कम से कम 116 देशों में चीनी युक्त पेय पदार्थों पर कर लगाया जाता है, जिनमें सोडा और कार्बोनेटेड कैन वाले पेय पदार्थ शामिल हैं। उच्च-चीनी वाले कई उत्पाद इस कर के दायरे से बाहर हैं, जैसे फलों का सौ प्रतिशत जूस, मीठा दूध और पीने के लिए तैयारशुदा कॉफ़ी व चाय।
रिपोर्ट में बताया गया है कि शराब, वाइन और बीयर पर कर तो 167 देशों में लगाया जाता है, मगर, 2022 के बाद अधिकांश देशों में इन पेयों की क़ीमतें या तो कम हुई हैं या पहले जैसी बनी हुई हैं, क्योंकि करों को मुद्रास्फीति और आय वृद्धि के अनुसार समायोजित नहीं किया गया। नतीजे में गर्मियों में स्थानीय कॉफ़ी शॉप से लिया गया ठंडा और मीठा पेय, अगर नियमित रूप से पिया जाए, तो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।
चीनी युक्त पेय के अधिक सेवन से होने वाली समस्याएँ-
वज़न और मोटापे का ख़तरा बढ़ना
टाइप 2 मधुमेह
हृदय रोग
अन्य नुक़सानदेह प्रभाव, जैसे दाँतों में सड़न और हड्डियों की कमज़ोरी (osteoporosis)
इसी तरह, शराब के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव में शामिल हैं:
मातृ और शिशु स्वास्थ्य के लिए बढ़ते जोखिम
संक्रामक और गै़र-संक्रामक रोगों का जोखिम
मानसिक स्वास्थ्य को नुक़सान
स्वयं और दूसरों को चोट पहुँचने की सम्भावना का बढ़ना
विश्व स्वास्थ्य संगठन प्रमुख ने इस दृष्टिकोण की सफलता को उदाहरणों के ज़रिए बताया, जिनमें ब्रिटेन का मामला शामिल है। वर्ष 2018 में, वहाँ चीनी युक्त पेयों पर कर लागू किया गया, जिसके परिणाम स्वरुप-
चीनी के सेवन में कमी आई
केवल 2024 में ही, 33.8 करोड़ योरो की राजस्व वृद्धि हुई
10 और 11 साल की लड़कियों में मोटापे की दर में कमी आई, विशेषकर वंचित समुदायों में.
डब्ल्यूएचओ ने देशों की सरकारों से अनुरोध किया है कि वे इन पदार्थों पर कर दरें बढ़ाएँ और उन्हें फिर से डिज़ाइन करें, ताकि तम्बाकू, शराब और चीनी युक्त पेयों के अत्यधिक सेवन को रोकने के लिए, नई स्वास्थ्य पहल को लागू किया जा सके।
