बॉलीवुड एक्टर आर माधवन ने अपने इंटरव्यू की एडिटेड क्लिप का गलत इस्तेमाल करने के लिए हेल्थ ब्रांड की आलोचना की है। उनका आरोप है कि ब्रांड ने उनकी सहमति के बिना वेट लॉस प्रोग्राम को प्रमोट करने के लिए क्लिप का इस्तेमाल किया। माधवन ने इसे गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई की भी बात कही है।
इतना ही नहीं उन्होंने इस मामले में अदालत का दरवाजा भी खटखटाया है। एक्टर ने इंटरनेट पर चल रहे प्रमोशनल मटीरियल का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया और ब्रांड की आलोचना की कि वे इसे ऐसे दिखा रहे हैं जैसे वे उनकी सर्विसेज़ को एंडोर्स कर रहे हों। उन्होंने आगे लिखा कि एक लीगल नोटिस भेजा गया है।
फोटो को शेयर करते हुए माधवन ने एक मैसेज भी लिखा,’इस वीडियो को इस तरह बनाया गया है जैसे मैं खुद उस प्रोडक्ट को प्रमोट कर रहा हूं। इसमें मुझसे कोई इजाजत नहीं ली गई और मेरे इंटरव्यू को सीधे प्रमोशनल कंटेंट की तरह इस्तेमाल कर लिया गया। इस तरह की हरकतों की वजह से जनता का भरोसा टूटता है और फिर लोगों को समझ नहीं आता कि कौन सही है और कौन गलत। यह बेहद शर्मनाक है।’
हेल्थ ब्रांड द्वारा शेयर किया गया पोस्ट जिसने एक्टर का ध्यान खींचा, वह एक पुराने इंटरव्यू का हिस्सा है जिसमें वह अपनी फिटनेस आदतों के बारे में बात कर रहे हैं। ब्रांड ने कथित तौर पर इसका इस्तेमाल अपने वेट लॉस प्रोग्राम को प्रमोट करने के लिए किया।
माधवन ने लिखा कि कितनी शर्म की बात है कि ये लोग और संस्थाएं कैसे सोचती हैं कि वे ऐसा करके बच सकते हैं? आप किसी के इंटरव्यू की क्लिप लेकर उसे अपने प्रमोशन का हिस्सा नहीं बना सकते। लीगल नोटिस भेजा गया है।
माधवन के हालिया प्रोजेक्ट्स की बात करें तो उन्हें आखिरी बार आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में देखा गया था।