प्रोजेक्ट चीता: छोटी-छोटी मगर उत्सावर्धक सफलताओं के बीच लक्ष्य की ओर बढ़ते क़दम

हाल ही में जन्मे दो समूहों के नौ शावकों के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। चीतों की यह संख्या निर्धारित लक्ष्य की निचली सीमा तक पहुंच गई है। दो समूहों के नौ शावकों का आगमन एक उत्साहजनक माहौल बना रहा है।

प्रत्येक नए शावक का जन्म देश में चीतों की ऐसी आबादी विकसित करने के लक्ष्य के और करीब ले जाता है, जो प्राकृतिक परिवेश में लंबे समय तक बनी रह सके। हालांकि, इस संख्या में बहुत कम उम्र के शावक भी शामिल हैं, जिनका जीवित रहना अभी सुनिश्चित नहीं माना जा सकता। हाल ही में जन्मे दो समूहों के नौ शावकों का आगमन एक उत्साहजनक माहौल बना रहा है।

डीडी न्यूज़ के अनुसार, पहले शावक समूह का जन्म 5 अक्टूबर 2026 को हुआ, जब भारत में जन्मी 32 महीने की मादा चीता केजेपी21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इसके साथ ही वह मुखी और केजीपी12 के बाद प्रजनन करने वाली भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता बन गई।

नवंबर में शावकों के जन्म के साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है, जिनमें 43 चीते देश में ही जन्मे हैं। अब भारत में जन्मे चीतों की संख्या कुल चीता आबादी का लगभग 70 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के अनुसार, इन शावकों का पिता बोत्सवाना से लाया गया एक नर चीता है। इस तरह, इनके जन्म के साथ भारत में जन्मे चीतों की आबादी में बोत्सवाना की आनुवंशिक वंशावली भी शामिल हुई है।

चीता पुनर्वास के लिए देश में तैयार की गई राष्ट्रीय कार्ययोजना (नेशनल एक्शन प्लान फॉर चीता इंट्रोडक्शन) के तहत भारत में जन्मी चीतों की पहली पीढ़ी (एफ1 पीढ़ी) द्वारा सफलतापूर्वक प्रजनन प्रमुख उपलब्धि है। केजेपी21 का प्रजनन इस लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शावकों के दूसरे समूह का जन्म 20 नवंबर को हुआ। बोत्सवाना से लाई गई 30 महीने की मादा चीता केओएमजी3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि कोएमजी3 भारत में शावकों को जन्म देने वाली बोत्सवाना से लाई गई पहली मादा चीता है।

भारत में चीतों की वापसी की कहानी 17 सितंबर 2022 को प्रोजेक्ट चीता के शुभारंभ के साथ फिर से शुरू हुई। इस दिन कूनो राष्ट्रीय उद्यान में एक ऐतिहासिक पहल के तहत नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को क्वारंटाइन के लिए बनाए गए बाड़ों में छोड़ा गया। अगले चरण में फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 और चीते भारत लाए गए। इस तरह भारत में चीतों के पुनर्वास के लिए कुल 20 चीतों का एक शुरुआती समूह तैयार हुआ।

प्रोजेक्ट चीता का संचालन पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के सहयोग से किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य खुले वनों और घास के मैदानों के प्रमुख वन्यजीव के रूप में चीते को फिर से स्थापित करना है।

नए शावक का जन्म प्रोजेक्ट चीता के तहत वर्षों की योजना, वैज्ञानिक प्रबंधन, पशु चिकित्सा देखभाल और समर्पित क्षेत्रीय कार्यों का परिणाम है। मध्य प्रदेश का कूनो वन विभाग और भारतीय वन्यजीव संस्थान की संयुक्त फील्ड टीम रेडियो कॉलर से मिलने वाले संकेतों, वन्यजीवों की गतिविधियों के चिह्नों और उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों के आधार पर इस चीतों पर नज़र रखती है।

इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हर नया जन्म इस बात का उत्साहजनक संकेत है कि अत्यधिक संवेदनशील स्वभाव वाले ये जानवर अपने नए परिवेश के अनुकूल ढल रहे हैं, यहां अपना ठिकाना बना रहे हैं और जंगल में जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, सरकार का दीर्घकालिक लक्ष्य साल 2032 तक चीतों की 60 से 70 की ऐसी आबादी विकसित करना है, जो प्राकृतिक रूप से अपनी संख्या बढ़ाने में सक्षम हो। इसके लिए कूनो और गांधी सागर के आसपास के क्षेत्रों में लगभग 17,000 वर्ग किलोमीटर के भू-भाग में चीतों की आबादी विकसित करने की योजना है।

वर्तमान में मिली इस छोटी सफलता के बीच यह ध्यान रखना रखना होगा कि इसे कार्यक्रम की अंतिम सफलता नहीं माना जा सकता। इन शावकों का जीवित रहना और भविष्य में उनका प्रजनन करना ही कार्यक्रम की सफलता का अधिक सार्थक पैमाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *