नई दिल्ली। प्रियंका गांधी की यूपी कांग्रेस में भूमिका को लेकर चली आ रही कयासबाजी पर विराम लग सकता है। प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद से उनके निवास पर मुलाकात की। माना जा रहा है कि लगभग एक घण्टे चली इस मुलाकात में प्रियंका ने यूपी चुनाव पर अपनी औपचारिक सहमति दे दी।
उम्मीद जताई जा रही है कि प्रियंका की उत्तर प्रदेश की राजनीति में भूमिका की घोषणा जल्द कर दी जायेगी। कांग्रेस पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुलाम नबी आज़ाद ने इससे पहले दस जनपथ पर जाकर गांधी परिवार से इस सिलसिले में चर्चा की थी। वहां से औपचारिक सहमति मिलने के बाद ही इस मामले पर आगे बढ़ने का फैसला किया गया है। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद हुई इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।