उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा इस बार पूरी पारदर्शिता से कराने की तैयारी

उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा की नई तारीखों का आज ऐलान कर दिया गया। इससे पहले फरवरी में निरस्त होने वाली यह परीक्षा अगले महीने पांच अलग-अलग तिथियों पर आयोजित किये जाने की सूचना है।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा इस बार पूरी पारदर्शिता से कराने की तैयारी

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के 60244 पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा आगामी 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी प्रदेश भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कृष्णा ने साझा की है।

गौरतलब है कि इस वर्ष यह परीक्षा 17-18 फरवरी को हुई थी जिसमें तक़रीबन 48 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी। फरवरी में हुई इस भर्ती परीक्षा को विभिन्न शिकायतों के कारण निरस्त करना पड़ा था।

परीक्षा निरस्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे छह माह के भीतर पूरी पारदर्शिता और उच्चतम मानकों के अनुरूप दोबारा कराए जाने का आदेश दिया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस बार परीक्षा अगस्त में निर्धारित तिथियों पर दो पालियों में परीक्षा होगी और प्रत्येक पाली में तक़रीबन पांच लाख अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराएगा।

बस से यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रवेशपत्र की दो अतिरिक्त कॉपी अपने साथ रखनी होगी। इसकी एक प्रति परीक्षा केन्द्र के जिले तक की यात्रा जबकि दूसरी प्रति परीक्षा के बाद अपने जिले तक की यात्रा के लिए बस परिचालक को देनी होगी।

प्रश्नपत्र लीक और उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ जैसे विवाद से निपटने के लिए सरकार ने पहली जुलाई को ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024’ लागू किया है। इसके तहत परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना या नकल कराना, प्रश्न पत्र का प्रतिरूपण करना या उसे लीक करना या ऐसा करने की साजिश रचना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में पकड़े जाने की दशा में एक करोड़ तक का जुर्माना तथा आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *